अधिकारियों को सभी कार्यवाही समय सीमा में सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर मृतक बीएलओ श्याम सुंदर शर्मा के हिनौती ग्राम पहुंचे। जहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में दिवंगत बीएलओ के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा “दुख की इस घड़ी में पूरा प्रशासन परिवार के साथ है। हम हर संभव सहयोग और सहायता प्रदान करेंगे ताकि परिवार को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक मदद सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्री कोचर ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए एसडीएम तेंदूखेड़ा, सीईओ जनपद पंचायत, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतक बीएलओ के परिवार को पात्रता अनुसार सहायता राशि शीघ्र प्रदान की जाए। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया एक अत्यंत दुखद घटना में बीएलओ की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

घटना उस समय हुई जब बीएलओ अपना निर्वाचन कार्य पूर्ण कर घर की ओर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि श्याम सुंदर शर्मा जी हमारे बीच एक कर्मठ, ईमानदार और समर्पित शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। वे अपने कार्य के प्रति हमेशा निष्ठावान रहे और उत्कृष्ट बीएलओ के रूप में उनकी गिनती होती थी। उन्होंने बताया कि मृतक बीएलओ के परिवार को 01 लाख 25 हजार की आर्थिक सहायता राशि तत्काल जारी की गई है तथा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही निर्वाचन आयोग को भी एक प्रस्ताव भेजा गया है ताकि आयोग से नियम अनुसार सहायता राशि प्रदान की जा सके।
कलेक्टर श्री कोचर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में भी परिवार को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए हर संभव सहयोग किया जाए। कलेक्टर कोचर ने कहा यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। परिजन अत्यंत पीड़ा में हैं और पूरा प्रशासनिक परिवार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। हमारा प्रयास रहेगा कि परिवार को आगे किसी भी प्रकार की समस्या न हो और उन्हें सभी आवश्यक सहायता मिल जाए।इस अवसर पर एसडीएम तेंदूखेड़ा सौरभ गंधर्व, सीईओ जनपद पंचायत मनीष बागरी तथा शिक्षा विभाग के बीआरसी पीएल अहिरवार मौजूद रहे।
