Spread the love

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव के दौरान नामांकन पत्र में सजा की जानकारी छिपाने पर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने कहा कि यदि कोई उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र में किसी भी प्रकार की सजा या आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी छिपाता है, चाहे बाद में ऊपरी अदालत बरी कर दे, तब भी उसकी उम्मीदवारी रद्द हो सकती है। जस्टिस पी एस नरसिम्हा और जस्टिस ए एस चंदुरकर की पीठ ने पूर्व पार्षद की अपील पर फैसला सुनाया। पार्षद को नामांकन पत्र में मामले में पिछली सजा का खुलासा नहीं करने की वजह से पद से हटाया गया था।
दरअसल पूनम को मध्य प्रदेश के भीकनगांव नगर परिषद के पार्षद पद से हटाया गया था, क्योंकि उन्हें चेक बाउंस के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। उन्होंने नामांकन पत्र में अपनी दोषसिद्धि का उल्लेख नहीं किया था। सुप्रीम कोर्ट में पूर्व पार्षद पूनम ने दावा किया कि उनकी दोषसिद्धि को हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया था और इसलिए उनके चुनाव को उस दोषसिद्धि के आधार पर रद्द नहीं हो सकता, जो अब अस्तित्व में नहीं है। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि कोई गंभीर अपराध नहीं है या नैतिक पतन को नहीं दर्शाता है। ना ही चुनाव पर कोई सीधा प्रभाव पड़ता है।
जस्टिस नरसिम्हा और जस्टिस चंदुरकर की पीठ ने याचिकाकर्ता की याचिका को खारिज कर दिया। पीठ की ओर से कहा गया कि किसी उम्मीदवार ने अपनी पिछली दोषसिद्धि का खुलासा नहीं किया है, तब इससे मतदाता के स्वतंत्र चुनाव अधिकार में बाधा उत्पन्न होती है। इस प्रकार मतदाता को सूचित और सलाह-मशविरा के साथ चुनाव करने का अधिकार नहीं मिलता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *