जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने दिलाई सदस्यता

दमोह। भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों, संगठनात्मक अनुशासन और विकासोन्मुख कार्यशैली से प्रभावित होकर पथरिया नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद प्रभु दयाल अहिरवार तथा वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद राजकुमारी हेमराज लडिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। दोनों पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे के समक्ष पार्टी में शामिल होकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पार्षदों ने कहा कि “भाजपा का जनसेवा मॉडल ही वास्तविक राजनीति की परिभाषा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समाज के उत्थान और विकास के लिए भाजपा सरकार ने अनेक योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतारा है। संगठन में शामिल होकर हम अपने क्षेत्र और समाज के विकास को और अधिक गति देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास का नया अध्याय लिखा है और भाजपा में शामिल होना जनता की सेवा को अधिक प्रभावी ढंग से करने का अवसर है।”
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि “संगठन में जनप्रतिनिधियों का बढ़ता विश्वास भाजपा के सुदृढ़ हो रहे जनाधार का संकेत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प के कारण विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। पथरिया के दोनों पार्षदों के आने से क्षेत्र के विकास के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।” जिलाध्यक्ष ने पार्षदों को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करने का आग्रह भी किया।
