
हटा। नगर में शासकीय सिविल अस्पताल के सामने मंगलवार की सुबह 11 बजे एक तेंदुए ने घर में घुसकर रेस्टोरेंट संचालक पर हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद तेंदुआ बाजू के घर शिव फौजदार के मकान के अंदर चला गया। तत्काल ही परिजनों ने वन विभाग को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वन विभाग की सूचना पर पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम ने रेस्क्यू कर 6 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया है। पन्ना टाइगर रिजर्व से आई टीम के द्वारा शाम करीब 6 बजे उसे पीटीआर के डॉक्टर डॉ संजीव गुप्ता ने ट्रेंकुलाइज कर तेंदुए को बेहोश किया डॉट लगते ही तेंदुआ भागकर दूसरे घर मे जाकर बेहोश हो गया। इसके बाद टीम ने जाल में कैद कर उसे पिंजरे में डाला तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया गया। उसके बाद प्राथमिक उपचार कर हटा रेंजर ऋषि तिवारी और तफ्सील खान पन्ना टाइगर रिजर्व द्वारा तत्काल तेंदुए को पन्ना टाइगर रिजर्व में छोड़ने के लिए ले जाया गया। इस नजारे को देखने के लिए पूरे दिन दमोह,पन्ना मार्ग पर हजारों लोगों की भीड़ मौजूद रही। पुलिस को कई बार इस भीड़ को खदेड़ना पड़ा, लेकिन लोग भागने के लिए तैयार नहीं थे।

जानकारी देते हुए दमोह डीएफओ ईश्वर रामहरि जरांडे ने बताया कि मंगलवार की दोपहर हटा सिविल अस्पताल के सामने शिव अग्रवाल के मकान में एक तेंदुआ घुस आया था। जिसका रेस्क्यू करने के लिए स्थानीय वन अमले के साथ दमोह से एसडीआरएफ की टीम व अन्य वनकर्मी भी पहुंचे थे। लेकिन तेंदुए का रेस्क्यू करना मुश्किल था क्योंकि वह काफी सकरी जगह में छिपा था। इसके बाद पन्ना टाइगर रिजर्व को सूचित किया गया और वहां से आई टीम के द्वारा तेंदुए को बेहोश करने के बाद उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर वापस जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया गया है। इस रेस्क्यू में कोई हताहत नहीं हुआ और सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। आपको बता दें मंगलवार सुबह हटा सिविल अस्पताल के सामने रेस्टोरेंट संचालक शरद अग्रवाल के घर में घुसकर तेंदुए ने हमला किया था। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन तेंदुआ दूसरे घर में जाकर छिप गया था।
थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने सबसे पहले तेंदुए को खोजकर उसका वीडियो बनाया

तब हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने साहस दिखाते हुए सबसे पहले तेंदुए को खोजकर उसका वीडियो बनाया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व से टीम को बुलाया गया था। जिसने एसडीआरएफ टीम का सहयोग लेकर तेंदुए को बेहोश कर उसका रेस्क्यू कर लिया। करीब 6 घंटे चले रेस्क्यू के दौरान काफी भीड़ सड़क पर जमा रही। इस दौरान फारेस्ट एसडीओ एमडी माणिक पुरी डिप्टी रेंजर जय प्रकाश दुबे नगर पालिका प्रभारी सीएमओ राजेन्द्र खरे तहसीलदार आलोक जैन सहित वन विभाग एव पन्ना टाइगर रिजर्व एवं नगर पालिका के कर्मचारियों की उपस्थिति रही। इस नजारे को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोगों के भीड़ उमड़ पड़ी जिससे हटा दमोह मार्ग पर जाम के हालात भी बने रहे। पुलिस के द्वारा लगातार अनाउंस कर लोगों से हटने की अपील की जाती रही, लेकिन देखने वालों का हुजूम लगा कम नहीं हुआ।

