Spread the love

कीर्ति स्तंभ चौक पर 1000 लाइफ्स अभियान में दो पहिया वाहन चालको को पहनाये हेलमेट

दमोह : सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से दमोह जिले में संचालित हो रहे विशेष 1000 लाइफ्स अभियान से बुधवार को स्थानीय कीर्ति स्तंभ के समीप जिले के प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने पुलिस विभाग द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जरूरतमंद दो पहिया वाहन चालकों को रोककर निःशुल्क हेलमेट दो पहिया वाहन चालको को पहनाये। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री के साथ हटा विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक, कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर तथा पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी विशेष रूप से मौजूद रहे।  

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री, तकनीकि शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने कहा “दमोह पुलिस का यह प्रयास सराहनीय और जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर नागरिक को समझना होगा कि हेलमेट पहनना केवल स्वयं की सुरक्षा नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार को सुरक्षित रखने जैसा है। आज दुर्घटनाओं में हमारे कई नौजवान साथी समय से पहले जीवन खो देते हैं. इसलिए आगे चलने वाले के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य पहनना चाहिए। “इस आशय के विचार आज स्थानीय कीर्ति स्तंभ पर 1000 लाइफ्स अभियान के तहत दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को हेलमेट वितरित करते हुये व्यक्त किये। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने दमोह पुलिस द्वारा संचालित इस विशेष अभियान की सराहना करते हुए कहा कि 1000 लाइफ्स” अभियान निश्चित रूप से जनसुरक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं प्रेरित होकर घर से निकलने से पहले हेलमेट जरूर पहनें और बिना हेलमेट चलने वालों को भी सही दिशा दिखाने का दायित्व निभाएं।

जरूरतमंदों को रोककर पहनाये हेलमेट

            कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री परमार ने सड़क पर गुजर रहे दोपहिया चालकों को रोककर उनकी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनाये । इस दौरान उन्होंने आमजन को प्रेरित करते हुए कहा कि हेलमेट केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे बड़ा कवच है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर बड़े पैमाने पर रोका जा सकता है।

कलेक्टर की अपीलः “सुरक्षित आवागमन ही जीवन रक्षा”

            कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि दमोह पुलिस द्वारा शुरू की गई यह पहल अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 1000 हेलमेट निःशुल्क वितरित किए जा रहे है. जिनका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनता में चेतना पैदा करना है। उन्होंने कहा यदि हम हेलमेट पहनकर चलें, तो न केवल स्वयं बल्कि हमारा परिवार भी सुरक्षित रहता है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने से अनेक दुर्घटनाओं और अप्रत्याशित मृत्यु को रोका जा सकता है। प्रभारी मंत्री द्वारा आज कार्यक्रम में शामिल होकर जन-जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया गया है। पुलिस विभाग यह अभियान जिले के अलग-अलग स्थानों पर लगातार संचालित कर रहा है।

एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशीः “हेलमेट वितरण नहीं, जागरूकता हमारा मुख्य लक्ष्य”

            पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा कि 1000 लाइफ्स” अभियान बेहद प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में सागर नाका और नरसिंहगढ़ क्षेत्र में हुए हादसों में जिन लोगों को हेलमेट वितरित किए गए थे, वे दुर्घटना में सुरक्षित बच गए। उन्होंने कहा “हमारा उद्देश्य केवल हेलमेट बांटना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा जागरूकता पैदा करना है। हम चाहते हैं कि लोग स्वयं प्रेरित होकर यातायात नियमों का पालन करें। समाज में संवाद बढ़ाएँ और अपने आस-पास के लोगों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।” “1000 लाइफ्स अभियान के अंतर्गत दमोह पुलिस शहर के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार हेलमेट वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। आमजन में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है, जिसे समाजहित में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *