Spread the love

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में पैर रखने स्निफर डॉग से थर थर कांपते हैं तस्कर
विशाल रजक
तेंदूखेड़ा! जिले की सीमा में फैले प्रदेश के सबसे बड़े वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व (नौरादेही टाइगर) में वारदात की नीयत रखने वाले शिकारियों और तस्करों को सबसे ज्यादा डर गैलीलियो से लगता है। यह खोजी पालतू श्वान है जो 2020 से पेड़ों और वन्य प्राणियों की निगहबानी अपनी सूंघने की तीव्र शक्ति से कर रहा है। गैलीलियो, बेल्जियन मेलिनोइस नस्ल का स्निफर डॉग है। इस नस्ल की उत्पत्ति बेल्जियम में हुई है इस नस्ल की खास पहचान ये है कि ये डॉग होशियार होने के साथ काफी उर्जावान होते हैं और इंसानों से इनका जुड़ाव शानदार होता है। करीब 2 फीट ऊंचाई वाले ये पालतू मजबूत और मांसल देह वाले होते हैं। इसको आसानी से प्रशिक्षित किया जा सकता है। इनका प्रयोग सेना, पुलिस और अब वन विभाग में बड़े पैमाने पर हो रहा है। गैलीलियो का जन्म 17 मार्च 2017 में हुआ था पहले इसकी तैनाती मुरैना के चंबल घड़ियाल सेंचुरी में थी 2020 में इसकी तैनाती नौरादेही में की गई थी ।

91 वन्य अपराधी जेल पहुंचे

प्रशिक्षक प्रीतम अहिरवार बताते हैं कि गैलीलियो अब तक 51 वन्य अपराध से जुड़े प्रकरणों को सुलझा चुका है और इसकी वजह से अब तक 91 वन्य अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचे हैं। वह चुस्त, फुर्तीला और सक्रिय इतना है कि पलक झपकते ही टार्गेट पर पहुंच जाता है।

शिकारियों के फंदे को ढूंढ लेता है

नौरादेही टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एए अंसारी बताते हैं कि हमारा डॉग स्क्वाड गैलिलियो काफी एक्टिव है और हमारे ट्रेनर भी उसके साथ मेहनत करते हैं हमने टाइगर रिजर्व की सुरक्षा के लिए रोस्टर तैयार किया है, उसके तहत अलग-अलग डिवीजन में गैलीलियो की गश्त कराते हैं. शिकारी जंगली शूकर या हिरण का शिकार करने के लिए फंदे लगाते हैं वहां गैलीलियो को भेजा जाता है और वह फंदे को ढूंढ लेता है। टाइगर रिजर्व में जो संवेदनशील जगहें हैं, वहां पर गैलीलियो की गश्त कराई जाती है। उसने तेंदुआ और भालू के शिकार का खुलासा करवाया था। इसके साथ ही दमोह में काले हिरण का शिकार किया गया था। गैलीलियो ने उसका भी खुलासा किया था।

5 साल पहले टायसन की मौत

पांच साल पहले वर्ष 2019 टाइगर रिजर्व की सुरक्षा को लेकर लाए गए बेल्जियम शेफर्ड डॉग टायसन की लीवर व किडनी में इन्फेक्शन की वजह से मौत हो चुकी है। मौत की वजह अधिकारियों की लापरवाही सामने आई थी जिसमें टायसन की महज एक पखवाड़ा में मौत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *