
जबलपुर। सीबीआई के एक दल ने सेंट्रल कमांड लखनऊ में पदस्थ एक वरिष्ठ अधिकारी पर चलती ट्रेन में अपने घेरे में लिया और जब जांच की तो उनके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। बबताया जाता है कि सीबीआई टीम ने चित्रकूट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे अधिकारी के बैग से लगभग 5 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 7 दिसंबर को की गई थी, लेकिन मामला अब सामने आया है।
बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी जबलपुर में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) से जुड़े निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद ट्रेन से लखनऊ लौट रहे थे। सीबीआई को पहले से इनपुट मिलने के बाद टीम ने कटनी के आसपास ट्रेन में अधिकारी को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी रकम नकद में मिलने से हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद एमईएस जबलपुर के कई अफसरों को भी सीबीआई की टीम ने पूछताछ करने के लिए सीबीआई कार्यालय विजय नगर तलब किया जहां उनके बयान दर्ज किए गए। मामले में जांच अभी जारी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अफसर सीनियर टेक्निकल परीक्षण के लिए चार दिसम्बर को जबलपुर शहर आए थे। यहां अ।कर उन्होने कई जारी निर्माण कार्य व पूर्ण हो चुके कार्यों का निरीक्षण किया। अफसर दो दिन यहां रूके तथा सात दिसम्बर को चित्रकूट एक्सप्रेस से जबलपुर से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इसी दौरान सीबीआई की जबलपुर यूनिट को सूचना मिली कि अफसर के पास काफी मात्रा में कैश है। यह पता चलते ही सीबीआइ की टीम अलर्ट मोड में आई और कटनी के पास ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच मे रेड कर उक्त अअफसर को पकड़ा। उनके सामान की जांच की गई, तो उसमें पांच लाख रुपए नकद रखे मिले। रकम के बारे में पूछताछ की गई, परंतु अफसर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके लिहाजा इसके बाद उन्हें कटनी मे ही उतार लिया गया और सीधे सीबीआई कार्यालय जबलपुर ले जाया गया।
यहां मामले में सीबीआई की टीम ने एमईएस जबलपुर के कई अफसरों को पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय बुलाया था। जहां अफसर द्वारा किए गए निरीक्षण और कार्रवाईयों के बारे में पूरी जानकारी लेने के साथ ही उनसे वे दस्तावेज भी तलब किए गए, जो अफसर ने अपने निरीक्षण के दौरान देखे और अपनी टिप्पणी लिखी थी। अचानक हुई इस कार्यवाही से एमईएस के सभी खंडों में हडकंप मचा है।
