Spread the love

जांच में निकला रबर का खिलौना

जबलपुर । अजमेर से जबलपुर आ रही दयोदय एक्सप्रेस के एसी कोच में रविवार देर रात सांप होने की खबर से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे तक यात्री भय और असमंजस की स्थिति में रहे। हालांकि कोटा स्टेशन पर हुई जांच के बाद राहत की बात सामने आई, जब कथित सांप प्लास्टिक (रबर) का खिलौना निकला।
घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब ट्रेन कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची। इससे पहले शाम के समय एसी कोच में सांप देखे जाने की सूचना फैल गई थी। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को मौके पर बुलाया गया, वहीं आरपीएफ के जवान भी सतर्कता के साथ मौजूद रहे।
ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही एसी कोच क्रमांक 1 और 2 में तलाशी अभियान चलाया गया। करीब 10 मिनट तक सीटों के नीचे और कोच के भीतर बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई सांप नहीं मिला। इसके बाद यात्रियों से पूछताछ की गई, जिसमें मामला साफ हो गया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि एक बच्चे के पास करीब डेढ़ फीट लंबा रबर का सांप था, जो खेलते समय उसके हाथ से फिसलकर सीट के नीचे चला गया था। किसी यात्री ने उसे असली समझकर सांप होने की सूचना दे दी, जिससे पूरे कोच में दहशत फैल गई।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेल प्रशासन ने कोटा स्टेशन पर पहले से अतिरिक्त कोच की व्यवस्था कर रखी थी। दोनों संबंधित कोचों की दोबारा तलाशी के बाद जब किसी तरह के खतरे की पुष्टि नहीं हुई, तो ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया। जांच पूरी होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *