Spread the love

ग्रामवासियों व परिजनों ने किया चकाजाम : कार मालिक का पता चला
जबलपुर । बरेला थानाक्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रविवार की दोपहर तेज भागती कार की चपेट में आए दो अन्य मजदूरों ने मेडिकल में उपचार के दौरान दम तोड दिया। इस तरह उक्त हृदय विदारक दुर्घटना में अब तक मरने वालों की संख्या पांच हों गई है जबकि तीन अभी भी जीवन और मौत के बीच संघर्षरत हैं। इस घटना में कुल 13 मजदूर घायल हुए थे। हादसे का शिकार सभी मजदूर एक ही गांव बीजाडांडी जिला मण्डला के बताए जा रहे हैं। मरने वाली सभी महिला मजदूर हैं जिनमें से दो एक ही परिवार की सास और बहू हैं। सभी मृतकों के शव पीएम के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। अन्य सभी घायलों का उपचार मेडिकल में चल रहा है, जहां तीन की हालत अभी भी बेहद गंभीर बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सड़क हादसे की संपूर्ण जांच एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह करेंगे। दोपहर तक मरने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी की खबर थी परंतु इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
बरेला और जबलुपर में चकाजाम……….
इस घटना की ‎जिम्मेदार सफेद रोनाल्ड कार के मालिक का पता लग गया है और पुलिस ने कार मालिक को हिरासत में भी ले लिया हैं परंतु कार का आरोपी चालक अभी पुलिस की पकड से दूर है। यहां इस घटना को लेकर सोमवार को पूर्वान्ह से घटनास्थल बरेला अग्रवाल पेट्रोल पंप के समीप हाईवे पर बीजाडांडी ग्रामवासियों के साथ ही आक्रोशित परिजनों व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शवों को रख धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं जबलपुर शहर में एकता मार्केट तिलहरी में भी आदिवासी समाज ने दोपहर में मुख्य मार्ग पर चकाजाम आरंभ कर दिया है। दोनों स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारी चकाजाम करने वालों को समझाने की कोशिश में जुटे हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं का कहना है कि एनएचआई मृतकों 25-25 लाख रुपए का मुआवजा और उनके परिवार के एक एक सदस्य को नौकरी व घायलों का बेहतर उपचार करने के साथ ही उन्हें 10-10 लाख रुपये की राशि प्रदान करें। अन्यथा चक्काजाम कर दिया जाएगा। इसके अलावा ठेकेदारों द्वारा आदिवासी मजदूरों को आधी अधूरी मजदूरी देकर किया जाने वाला शाषण बंद हो।
सिहोरा निवासी दीपक सोनी के नाम पर है कार का र‎जिस्ट्रेशन ………..
हादसे के बाद कार चालक मय वाहन के मौके से फरार हो गया था। एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई थी कि रेनॉल्ड सफेद रंग की कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मजूदरों पर कार चढ़ाई है। उक्त कार एमपी 20 एक्स बी 1460 दीपक सोनी निवासी सिहोरा के नाम पर रजिस्टर्ड होना पाया गया है।
गौरतलब हो कि बरेला में रविवार की दोपहर भीषण हादसा उस समय हुआ, जब बरेला से जबलपुर की ओर आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे 13 मजदूरों को कुचल दिया था। दर्दनाक हादसे में चैनवती बाई, लच्छो बाई, गोमता बाई पति नवाबी लाल, वर्षा कुशराम पति कमलेश और कृष्णा बाई पति संजू की मौत हो गई है। घायलों में से 3 मजदूरों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में उपचार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *