Spread the love

समलैंगिता यहां भयानक अपराध है इसके लिए मौत की सजा तक का प्रावधान है
युगांडा। यहां एक छोटी घटना ने तानाशाह सरकार को हिला दिया है। एक ‘किस’ से पूरे देश की सत्ता के साथ-साथ समाज तक कांप उठा है। सरकार खौफ में है उसके लिए उम्रकैद की सजा मुकर्रर कर दी। युगांडा में सरेआम किस करने के ‘भयानक अपराध’ में दो युवतियों को गिरफ्तार किया गया और अब उन्हें अपनी बाकी की जिंदगी जेल में गुजारनी पड़ सकती है। दोनों युवतियों की पहचान म्यूजिशियन वेंडी फेथ (22) जिन्हें टोरेरो बे के नाम से भी जाना जाता है और 21 साल की एलेसी डायना डेनिस के रूप में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने दोनों युवतियों को उनके किराए के कमरे पर ‘रेड’ मारकर गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि ये संदिग्ध अजीबोगरीब और समलैंगिक हरकतों में शामिल हैं। इन्हें दिनदहाड़े एक-दूसरे को चूमते हुए देखा गया था। पुलिस का यह भी आरोप है कि उनके घर पर अक्सर कई अन्य युवतियां आती थीं। बस इसी ‘खूफिया’ जानकारी के आधार पर पुलिस ने इन दोनों को समलैंगिकता के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ये दोनों पुलिस हिरासत में हैं। अभी तक इन पर औपचारिक रूप से आरोप तय नहीं किए गए हैं।
युगांडा के सत्तावादी राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने मई 2023 में अंतरराष्ट्रीय आक्रोश को दरकिनार करते हुए ‘एंटी-होमोसेक्शुअलिटी एक्ट’ पर हस्ताक्षर किए थे। यह दुनिया के सबसे कठोर और अमानवीय समलैंगिक विरोधी कानूनों में से एक है।
इस कानून के तहत ‘गंभीर’ समलैंगिकता के लिए मौत की सजा तक दी जा सकती है। हालांकि, अप्रैल 2024 में, युगांडा की संवैधानिक अदालत ने भी इस क्रूर बिल को पलटने की याचिका को सिरे से खारिज कर दिया था। इस गिरफ्तारी से युगांडा में पहले से ही डरे-सहमे समलैंगिक समुदाय और भी दहशत में हैं। सेक्सुअल माइनॉरिटीज युगांडा के कार्यकारी निदेशक ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हम इस मामले पर करीब से नजर रख रहे हैं। यह घटना अन्यायपूर्ण है।
ह्यूमन राइट्स अवेयरनेस एंड प्रमोशन फोरम ने जनवरी में रिपोर्ट दी थी कि इस कानून के लागू होने के बाद से अब तक समलैंगिक लोगों को निशाना बनाने वाले 956 मामले सामने आए हैं, जिनसे 1,276 व्यक्ति सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। मई 2025 की रिपोर्ट में युगांडा के अधिकारियों पर कानून लागू होने के बाद से पिछले दो सालों में व्यापक भेदभाव और हिंसा फैलाने का सीधा आरोप लगे है।
रिपोर्ट के मुताबिक युगांडा के समलैंगिक अधिकार कार्यकर्ता ने कहा कि युगांडा में हमारा समुदाय इस वक्त सिर्फ डरा हुआ नहीं है, बल्कि हम शोक मना रहे हैं। हम उस आजादी का शोक मना रहे हैं जो हमें कभी नहीं मिली। हम उन दो युवा लड़कियों के लिए दुखी हैं जिन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया। उन्होंने आगे बताया कि कैसे आज हजारों युगांडावासी चुपचाप अपने फोन से मैसेज डिलीट कर रहे हैं, अपने अपनों से दूर जा रहे हैं और स्ट्रैट दिखने की एक्टिंग करने को मजबूर हैं ताकि वे जिंदा रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *