स्वदेशी जागरण मंच की राष्ट्रीय परिषद बैठक की में नई जिम्मेदारी …………

दमोह। जयपुर में आयोजित स्वदेशी जागरण मंच की राष्ट्रीय परिषद बैठक के अवसर पर संगठन की सक्रिय कार्यकर्ता डॉ. सोनल राय को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपते हुए। महाकौशल प्रांतीय महिला कार्य प्रमुख नियुक्त किया गया है। यह कार्यक्रम जयपुर में आयोजित हुआ, जिसमें भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री, राजस्थान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय संयोजक आर. सुंदरम ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय संगठनकर्ता कश्मीरी लाल ने स्वदेशी विचार की वर्तमान समय में आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. सोनल राय को नई जिम्मेदारी प्रदान करते हुए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महिला कार्यों को नई दिशा, गति और मजबूती प्राप्त होगी। कार्यक्रम में स्वदेशी स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं उद्यमी सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डॉ. सोनल राय संगठन में प्रांत महिला सह प्रमुख के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही थीं। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी निरंतर सक्रियता, स्वदेशी विचार के प्रति प्रतिबद्धता, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने की क्षमता तथा समाज में स्वदेशी और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने के लिए किए गए उनके प्रयासों को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. सोनल राय लंबे समय से सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों से जुड़ी रही हैं। उन्होंने विभिन्न मंचों के माध्यम से महिलाओं को स्वदेशी अपनाने, आत्मनिर्भर बनने तथा स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया है। संगठन को आशा है कि उनके नेतृत्व में महिला शक्ति का व्यापक संगठन होगा और स्वदेशी विचार को समाज के अधिकाधिक वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक महेंद्र सिंह मंगो, राजस्थान सरकार के मंत्री मदन दिलावर तथा जवाहर सिंह बेढम भी उपस्थित रहे। डॉ. सोनल राय को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर सामाजिक, शैक्षणिक तथा संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा विश्वास जताया है कि वे अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
