Spread the love

दमोह । जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र के मोहरई गांव में एक युवक ने अपने दोस्त को वीडियो कॉल करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रोहित राय के रूप में हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मृतक के परिजनों ने इस मामले में धमकी देने वाले युवक घनश्याम अहिरवार के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या से पहले, रोहित ने अपने गले में फांसी का फंदा डालकर एक पेड़ पर चढ़कर दोस्त को वीडियो कॉल किया। उसने अपने दोस्त को बताया कि वह एक समस्या से जूझ रहा है।  कुछ ही देर बाद रोहित ने फंदे से कूदकर अपनी जान दे दी। वीडियो कॉल पर रोहित ने अपने दोस्त सत्यम को बताया कि गांव का ही घनश्याम अहिरवार नामक युवक उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग रहा है। रोहित ने बताया कि वह घनश्याम को पहले ही 2 लाख रुपए दे चुका था और अब उससे 50 हजार रुपए और मांगे जा रहे हैं। पैसे न देने पर उसे दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी, जिससे वह आत्महत्या करने पर मजबूर हो गया।

दुष्कर्म के मामले फसाने की धमकी
मृतक के चचेरे भाई बृजेंद्र राय ने बताया कि घनश्याम अहिरवार उनके भाई को दुष्कर्म के मामले फसाने की धमकी दे रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था। उनके भाई ने आत्महत्या के पहले अपना वीडियो भी बनाया है। जिसमें वह 2 लाख रुपए पहले देने की बात कर रहा है और अब 50 हजार रुपए और घनश्याम अहिरवार द्वारा मांगे जा रहे हैं और ऐसा न करने पर उसे झूठे मामले फसाने की धमकी दी गई। जिसके बाद भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सोसायटी में काम करता है। वह चाहते हैं कि आरोपी पर ठोस कार्रवाई की जाए।

पहले भी कर चुका झूठी रिपोर्ट
मृतक के पिता सुन्दर राय ने बताया कि उनके बेटे ने कचनारी गांव निवासी सत्यम उपाध्याय को वीडियो कॉल कर घटना की पूरी जानकारी दी और वीडियो कॉल में ही बात करते समय फांसी के फंदे पर झूल गया। सत्यम ने तत्काल गांव के ही आकाश पटेल को घटना की जानकारी दी और आकाश ने घर आकर उन्हें बताया कि उनका बेटा फांसी के फंदे पर झूल गया है। घनश्याम अहिरवार इसके पहले भी कई लोगों पर झूठी रिपोर्ट दर्ज कर चुका है। इसलिए उनकी पुलिस से मांग है कि ऐसे व्यक्ति पर ठोस कार्रवाई की जाए।

वीडियो की जांच करेगी पुलिस
गेसाबाद थाना प्रभारी सौरव शर्मा ने बताया की रोहित पिता सुंदर राय के द्वारा फांसी लगाने का वीडियो मिला है। पुलिस के द्वारा इस मामले में जांच की जा रही जो भी साक्ष आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि मृतक की आत्महत्या से जुड़ा एक वीडियो की जांच के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *