Spread the love


शराब दुकानों की बढ़ी कीमत पर सरकार का यू टर्न…
-नीलामी के लिए बचे हैं सिर्फ 3 दिन, और कम हो सकती हैं कीमतें

प्रदेश की 25 प्रतिशत दुकानों को अब भी खरीदारों का इंतजार, सरकार ने बढ़ी हुई कीमतों को 20 प्रतिशत घटाने का फैसला लिया
भोपाल। प्रदेश में शराब दुकानों की कीमतों को 20 प्रतिशत बढ़ाए जाने का फैसला सरकार के गले की हड्डी बन चुका है, जिसके चलते अब सरकार इस पर यू टर्न लेती नजर आ रही है। नीलामी के लिए अब सिर्फ 4 दिन बचे हैं और अब भी प्रदेश की 871 दुकानें नीलाम नहीं हो पाई हैं। ये कुल दुकानों का करीब 25 प्रतिशत हैं। इसे देखते हुए सरकार ने मजबूरी में इन दुकानों को पिछले साल से भी कम कीमत पर नीलाम करने का फैसला लिया है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश सरकार ने नई आबकारी नीति 2026-27 के तहत प्रदेश की कुल 3553 दुकानों की कीमत को 20 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया था। इसके तहत 27 फरवरी से दुकानों की नीलामी शुरू की गई। इस एक माह में आठ चरणों में नीलामी के बाद भी प्रदेश की 871 दुकानें अब तक नीलाम नहीं हो पाई हैं। इसे देखते हुए सरकार ने अब इन दुकानों की नीलामी के लिए तय की गई कीमत पर 20 प्रतिशत कम की बोली लगाने का विकल्प भी खोल दिया है। यानी अब सरकार इन दुकानों को पिछले साल से भी कम कीमत पर बेचने को तैयार हो गई है। इसके तहत आज से नीलामी के 9वें चरण में घटी हुई कीमतों के साथ टेंडर भरे जा सकते हैं, जिन्हें कल खोला जाएगा।
पिछले साल से भी 4 प्रतिशत कम में बिकेंगी दुकानें
सरकार के इस यू टर्न को ऐसे समझें कि एक शराब दुकान की कीमत पिछले साल 100 रुपए थी, जिसे 20 प्रतिशत बढ़ाने के बाद इस साल उसकी कीमत 120 रुपए तय की गई थी। अब इस पर 20 प्रतिशत कम किए गए हैं। यानी 120 रुपए पर 20 प्रतिशत कम करने पर नई कीमत 96 रुपए हो चुकी है, जो पिछले साल जिस कीमत पर दुकान बिकी थी उससे भी 4 प्रतिशत कम है। यानी जहां सरकार को इन दुकानों पर पिछले साल से ज्यादा कमाई की उम्मीद थी, वहीं अब पिछले साल की तुलना में नुकसान पर भी सरकार दुकानें नीलाम करने को तैयार है।
पिछले साल 35 प्रतिशत तक कम हुई थी कीमतें
ऐसा नहीं है कि नीलामी में सिर्फ इस बार ही सरकार को कम कीमत मिल रही है। पिछले साल भी प्रदेश की 25 से 30 प्रतिशत दुकानों को सरकार ने आखिरी समय तक खरीदार न मिलने पर 35 प्रतिशत तक कम कीमत पर नीलाम किया था। इंदौर में भी ऐसी कुछ दुकानें नीलाम हुई थीं। आखिरी समय में तो सरकार ने खुली नीलामी शुरू कर दी थी, जिस पर व्यापारी अपने हिसाब से कोई भी कीमत की बोली लगा सकते थे। इस बार भी आखिरी के दो दिनों में ऐसी स्थिति बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *