Spread the love

दमोह। पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी हटा श्री सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में फर्जी सिम कार्ड एक्टिव कर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार किया गया है।  पुलिस मुख्यालय, राज्य साइबर सेल भोपाल द्वारा फर्जी सिम प्रदाताओं के विरुद्ध “ऑपरेशन FACE (Facial Authentication and Compliance Enforcement)” संचालित किया जा रहा है। हटा थाना निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी ने बताया कि उक्त अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दमोह द्वारा टीम गठित कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया । राज्य साइबर सेल भोपाल एवं साइबर सेल दमोह द्वारा उपलब्ध कराई गई 05 डायरेक्टरी के विश्लेषण में वर्ष 2019 से 2021 के मध्य कुल 1204 फर्जी सिम कार्ड सक्रिय पाए गए। संबंधित मोबाइल नंबरों के संबंध में विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों से CAF (Customer Application Form) रिपोर्ट प्राप्त कर उनका सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान कस्बा हटा निवासी प्रवीनराज दुबे एवं अखिलेश चौरसिया को CAF रिपोर्ट दिखाकर उनके कथन दर्ज किए गए। उन्होंने अपने बयान में बताया कि मोंटी उर्फ भरत तंतवाय एवं रजनीश अहिरवार द्वारा उनके आधार कार्ड का कूटरचित तरीके से उपयोग कर, उन पर अपनी फोटो लगाकर फर्जी सिम कार्ड जारी कराए गए। प्राप्त साक्ष्यों, CAF रिपोर्ट एवं गवाहों के कथनों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि- 1. भरत उर्फ मोंटी तंतवायपिता देवीसिंह तंतवाय, निवासी कमला नेहरू वार्ड, हटा 2. रजनीश अहिरवारपिता परसराम अहिरवार, निवासी ग्राम कुलुआ, थाना हटा, जिला दमोह द्वारा कस्टमर के वास्तविक दस्तावेजों (आधार कार्ड) का दुरुपयोग कर, स्वयं की फोटो लगाकर विभिन्न नामों से सिम कार्ड एक्टिवेट किए गए। साथ ही कस्टमर सिग्नेचर वेरिफिकेशन हेतु अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग किया गया। आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग किया गया, जो कि भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 468, 471, 34 एवं आईटी एक्ट की धारा 66 (C) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। उक्त आधार पर थाना हटा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।राज्य साइबर सेल भोपाल एवं साइबर सेल दमोह द्वारा प्रदत्त शेष डायरेक्टरी के अनुसार अन्य फर्जी सिम कार्डों की CAF रिपोर्ट टेलीकॉम कंपनियों से प्राप्त होना शेष है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सराहनीय कार्यः-निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी, उपनिरीक्षक नरेन्द्र तिवारी, प्रआर. अनिल गौतम, प्रआर महेन्द्र कुमार, आरक्षक पवन पटैल, सायबर सेल से प्र.आर. सौरभ टंडन, राकेश आठ्या, आर. रोहित राजपूत, मयंक दुबे, अभिषेक कोष्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *