
निष्पक्ष कार्रवाई और सख्त कदम उठाने की मांग
दमोह। दमोह में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच विवाद के क्रम में रविवार रात किन्नर अखाड़े की जगतगुरु संजना दमोह कोतवाली पहुंचीं और शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि समुदाय विशेष के कुछ लोग विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विवाद शनिवार रात तब सामने आया जब खुशी किन्नर ने कोतवाली में गुड़िया किन्नर और अन्य पर मारपीट, बाल काटने और चाकू मारने के प्रयास का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। खुशी के साथ हटा की पिंकी किन्नर भी थीं। खुशी किन्नर ने अपनी शिकायत में यह भी बताया था कि गुड़िया किन्नर की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है और एक लाख रुपए की मांग की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।इसके बाद रविवार दोपहर गुड़िया किन्नर भी किन्नर अखाड़े की एक अन्य गुरु काजल के साथ एसपी निवास पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि खुशी किन्नर का अपहरण कर कुछ लोगों की ओर से उसे डराया-धमकाया जा रहा है और झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। गुड़िया किन्नर ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। कोतवाली टीआई ने दोनों ही पक्षों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।जगतगुरु संजना ने कोतवाली में कहा कि दमोह में महामंडलेश्वर के एक चेले के साथ मारपीट, बाल काटने और अपहरण जैसी गंभीर घटना हुई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पुलिस विवेचना कर रही है।
