
87 हजार 700 रुपए के जाली नोट बरामद, खंडवा से आगरा तक फैला नेटवर्क
अशोकनगर। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को अंतरराज्यीय जाली भारतीय नोटों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 87 हजार 700 रुपए के जाली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी को रातीखेड़ा-रूसल्ला मार्ग स्थित प्रतीक्षालय के पास से पकड़ा गया। उसके पास से 500 रुपए के 85 और 100 रुपए के 432 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में खंडवा और उत्तर प्रदेश के आगरा तक फैले नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले का पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने एसपी कांन्फ्रेंस हॉल में प्रेसवार्ता कर खुलासा किया है। बताया कि रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक जाली नोट बाजार में खपाने की तैयारी में है। इस सूचना पर थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में एक टीम ने दबिश दी और राजगढ़ जिले के बबल्या निवासी 22 वर्षीय कुलदीप बघेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कुलदीप बघेल ने बताया कि जाली नोट उसे खंडवा निवासी कार्तिक पाटीदार ने दिए थे। नोटों की आपूर्ति आगरा निवासी हेमंत कोली करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्तिक पाटीदार और हेमंत कोली को शिवपुरी से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में जाली नोटों के निर्माण, आपूर्ति और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन और एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि जाली नोटों से संबंधित कोई भी संदिग्ध जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाने में सूचना दें।
