
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
मुंबई। देशभर में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। आंध्र प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में भी कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने लगे हैं। लगभग तीन वर्षों तक संक्रमण की स्थिति नियंत्रित रहने के बाद अब राज्य में कोविड-19 के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल स्थिति चिंताजनक नहीं है, क्योंकि अधिकांश संक्रमितों में संक्रमण के हल्के लक्षण ही दिखाई दे रहे हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस वर्ष अब तक कोविड-19 के कुल 48 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें जनवरी में 3, फरवरी में 1, जून में 11 और जुलाई के पहले 18 दिनों में 21 नए मरीज मिले हैं। पिछले दस दिनों के दौरान पुणे में संक्रमण के मामलों में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से कोविड-19 वायरस की लगातार निगरानी की जा रही थी, लेकिन इस दौरान संक्रमण के मामले बहुत कम सामने आ रहे थे। वर्ष 2026 में मरीजों की संख्या में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि देश में फिलहाल बड़े पैमाने पर संक्रमण फैलने जैसी स्थिति नहीं है, फिर भी इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
