Spread the love

आटा चक्की के मीटर के लिए मांगी थी 10 हजार की रिश्वत
अशोकनगर। शुक्रवार को ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने जिले में चल रही घूसखोरी और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए एक कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आटा चक्की के लिए बिजली कनेक्शन लगवाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांग रहे विद्युत विभाग के एक लाइनमैन को लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की रकम हाथ में आते ही लोकायुक्त की टीम ने आरोपी को धर दबोचा।
मामला जिले के ग्राम कुकररेठा (पिपरई) का है। जानकारी के अनुसार, लाइनमैन बाबूराम पटेल ने कुकरेठा गांव निवासी श्रीराम वैरागी से दुर्गा कॉलोनी में चक्की के लिए विद्युत मीटर लगाने के लिए 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। मीटर लगाने के काम के बदले मांगी गई इस रकम में से 5 हजार रुपए श्रीराम वैरागी पहले ही लाइनमैन को दे चुके थे। इसके बाद लाइनमैन ने बाकी के 5 हजार रुपए भी देने के लिए कहा था। श्रीराम वैरागी के अनुसार, लाइनमैन बाबूराम पटेल ने विद्युत मीटर लगाने के काम के लिए कुल 10 हजार रुपए की मांग की थी। पहली रकम देने के बाद भी जब बाकी 5 हजार रुपए की मांग की गई तो श्रीराम वैरागी ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त में करने का फैसला लिया। उन्होंने कुछ दिनों पहले ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर लाइनमैन द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। कार्रवाई के लिए ग्वालियर लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम अशोकनगर पहुंची थी। टीम का नेतृत्व लोकायुक्त निरीक्षक उपेंद्र दुबे कर रहे थे। टीम ने कार्रवाई से पहले पूरी तैयारी की और तय योजना के अनुसार लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए पकडऩे के लिए मौके पर निगरानी रखी। शुक्रवार को योजना के अनुसार श्रीराम वैरागी बाकी के 5 हजार रुपए लेकर लाइनमैन बाबूराम पटेल के पास पहुंचे। उन्होंने लाइनमैन को रिश्वत की वह रकम दी, जिसकी वह पहले से मांग कर रहा था। इस दौरान लोकायुक्त की टीम पहले से ही आसपास मौजूद थी और लाइनमैन के पैसे लेने का इंतजार कर रही थी।
पैसे लेते ही लोकायुक्त टीम ने दबोचा:
जैसे ही लाइनमैन बाबूराम पटेल ने श्रीराम वैरागी से 5 हजार रुपए की रिश्वत ली, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम बरामद की और लाइनमैन बाबूराम पटेल को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद विद्युत कार्यालय में भी हडक़ंप की स्थिति बन गई। लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए पकडऩे के बाद लोकायुक्त टीम उसे सर्किट हाउस लेकर गई। यहां लोकायुक्त की टीम ने आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई के दौरान शिकायत से जुड़े तथ्यों, रिश्वत की रकम और पूरे घटनाक्रम से संबंधित जरूरी प्रक्रिया को पूरा किया गया।
पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था लाइनमैन
श्रीराम वैरागी ने लोकायुक्त में की गई शिकायत में बताया था कि लाइनमैन बाबूराम पटेल चक्की के लिए विद्युत मीटर लगाने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। इसमें से 5 हजार रुपए पहले ही लिए जा चुके हैं, जबकि बाकी 5 हजार रुपए अभी दिए जाने हैं। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने मामले की जांच की और शिकायत में बताए गए तथ्यों की पुष्टि की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडऩे के लिए पूरी योजना बनाई। इसके लिए श्रीराम वैरागी को समझाया गया कि वह लाइनमैन द्वारा मांगी गई बाकी रकम लेकर उसके पास जाएं। जैसे ही लाइनमैन रिश्वत की रकम लेगा, उसी समय आसपास मौजूद लोकायुक्त टीम कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *