दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार, 10 मोबाइल, 32 पासबुक और 28 एटीएम बरामद

आगरा। आगरा जिले के ताजगंज इलाके में पुलिस ने रविवार को एक फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ कर दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये चारों कॉल सेंटर के जरिए नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों को ठगते थे। डीसीपी ने बताया कि 15 राज्यों से 100 से ज्यादा शिकायत मिली थीं कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच पड़ताल की गई तो फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाई थी और नौकरियों का विज्ञापन भी जारी करते थे। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर से लड़कियां किसी कंपनी में गार्ड, सुपरवाइजर या अन्य पदों की नौकरी लगवाने का झांसा देती थीं। नौकरी पाने के लालच में कुछ लोग फंस जाते थे। पंजीकरण के नाम पर उनसे करीब 2 हजार रुपए जमा कराए जाते थे। पंजीकरण के बाद वर्दी और अन्य चीजों के लिए 8000 जमा कराए जाते थे। आखिर में नियुक्ति प्रमाण पत्र लेने के एवज में 10 हजार रुपए लिए जाते थे।
डीसीपी ने बताया कि अभी तक पूछताछ में पता चला है कि ढाई हजार से ज्यादा लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 32 पासबुक, 28 एटीएम कार्ड, 12 क्यूआर कोड के अलावा नियुक्ति पत्र समेत अलग-अलग तरह के दस्तावेज मिले हैं। मामले में गिरफ्तार एक आरोपी तरुण बिहार का रहने वाला है और दूसरा आरोपी अजय जौनपुर का रहने वाला है। अभी इस गिरोह से जुड़े कई लोगों की तलाश की जा रही है।
