Spread the love

कराची। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में बिगड़ती सेहत को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को अहम फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने जेल अधिकारियों को तुरंत उन्हें अस्पताल में शिफ्ट करने और विस्तृत स्वास्थ्य जांच कराने का आदेश दिया है। इमरान का इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में ले जाकर मेडिकल जांच और इलाज कराया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट की 3 सदस्यीय बेंच, जिसकी अध्यक्षता जस्टिस शाहिद वहीद ने एक मेडिकल बोर्ड बनाने का निर्देश दिया है। बोर्ड में उनके निजी डॉक्टर और बहन उजमा खान को शामिल किया जाएगा, ताकि उनके स्वास्थ्य की उचित निगरानी हो सके। सुप्रीम कोर्ट ने इमरान पर जेल में लागू कथित कड़े प्रतिबंधों पर भी ध्यान दिया और अधिकारियों को हर सप्ताह उनके परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने की अनुमति देने का निर्देश दिया।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने उनकी मेडिकल स्थिति से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने पर रोक लगा दी है। उनके वकीलों और परिवार को मेडिकल रिपोर्ट मीडिया के साथ साझा न करने और मामले को राजनीतिक रंग न देने की सख्त हिदायत दी गई है। यह आदेश तब आया है जब अगस्त 2023 से अडियाला जेल में बंद इमरान की सेहत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। हाल ही में जेल अधीक्षक ने सुप्रीम कोर्ट में उनकी स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी रिपोर्ट पेश की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *