Spread the love

वारदात में प्रयुक्त कुलहाड़ी जप्त
जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र की बघराजी चौकी अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी सुखसेन सिंह मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका साला जगदीश सिंह मरावी उम्र 49 वर्ष, निवासी ग्राम कल्याणपुर, पानी की टंकी के पास स्थित अपनी मड़ईया में रहता था। 30 सितंबर 2026 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच आरोपी परीवा बैगा/सिंह उम्र 53 वर्ष और अग्नेयू उर्फ अघनू विश्वकर्मा उम्र 54 वर्ष कथित तौर पर पुरानी रंजिश और विवाद के चलते जगदीश की मड़ईया में घुस गए।
आरोप है कि दोनों ने जगदीश सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसके गले और सीने पर कई गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बघराजी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मुनेश लाल कोल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं 3(2-v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों परीवा बैगा और अग्नेयू उर्फ अघनू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *