Spread the love

काजू, पिस्ता से लेकर चावल, मिठाई, घरेलू सामान, टीवी, एसी तक हो गए हैं महंगे……….दिवाली से पहले फूटा महंगाई बम !

नई दिल्ली। इस साल दिवाली पर खरीदारी करना लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। त्योहार से पहले कई जरूरी सामानों के दाम बढ़ गए हैं। घरेलू सामान, टीवी, एसी, मिठाई और ड्राई फ्रूट्स तक महंगे हो गए हैं। इसकी बड़ी वजह कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, फसल का कम प्रोडक्शन और सामान लाने-ले जाने का बढ़ता खर्च है। ड्राई फ्रूट्स के साथ हल्दी और चावल की कीमतें भी बढऩे की आशंका है। कम बारिश, फसलों में बीमारियों और खेती की बढ़ती लागत के कारण हल्दी की पैदावार प्रभावित हो सकती है। वहीं, चावल की कुछ किस्मों के दाम 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। जून में इसकी औसत कीमत करीब 60 रुपये प्रति किलो थी। व्यापारियों के मुताबिक, कम धान उत्पादन और कर्नाटक समेत दूसरे राज्यों से सप्लाई घटने के कारण पिछले चार महीनों में सोना मसूरी सहित कई किस्में 30 से 40 रुपये प्रति किलो महंगी हुई हैं। महंगाई का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी दिख रहा है और लोग पहले के मुकाबले कम मात्रा में चावल खरीद रहे हैं।
दिवाली पर अगर आप नया टीवी या एसी खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपको ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, हायर, एलजी और ब्लू स्टार जैसी कंपनियों ने अपने कई घरेलू सामानों की कीमतों में 3 से 7 फीसदी तक बढ़ोतरी की है। वहीं, हैवेल्स इंडिया भी दिसंबर तिमाही में अपने प्रोडक्ट्स के दाम 5 से 7 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी में है। कंपनियों का कहना है कि सामान बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और जरूरी पाट्र्स की कीमत बढऩे से यह फैसला लेना पड़ा है।

मिठाइयों के दाम में 15 फीसदी तक बढ़ोतरी….
दिवाली पर मिठाई खरीदना भी इस बार महंगा पड़ सकता है। दूध, खोया, चीनी, मेवे और पैकिंग के सामान की कीमत बढऩे से मिठाई कारोबारियों ने भी दाम बढ़ा दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के एक मिठाई कारोबारी ने बताया कि उनके यहां मिठाइयां करीब 15 फीसदी महंगी हो गई हैं। वहीं, जयपुर की मिठाई की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार के मुताबिक, उनकी दुकान पर मिठाइयों के दाम 10 से 12 फीसदी तक बढ़ाए गए हैं। बढ़ती लागत को देखते हुए कुछ गिफ्ट पैक में महंगे ड्राई फ्रूट्स की जगह बीजों के मिलावट का इस्तेमाल भी किया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को कम कीमत में सामान मिल सके।

पिस्ता के दाम लगभग दोगुने हुए
ड्राई फ्रूट्स में पिस्ता सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। जानकारों के मुताबिक, पिछले साल की दिवाली के मुकाबले पिस्ता की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। फिलहाल बाजार में पिस्ता 1,500 से 2,100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि पिछले साल इसकी कीमत करीब 900 रुपये प्रति किलो थी। इसकी वजह ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में फसल को नुकसान पहुंचना और प्रोडक्शन कम होना बताया जा रहा है। इसके अलावा पश्चिम एशिया में तनाव के कारण सामान लाने का खर्च भी बढ़ गया है। पिस्ता के साथ बादाम की कीमतों में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल (इंडिया) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल की दिवाली के मुकाबले बादाम करीब 35 फीसदी महंगे हो गए हैं।


दूध और चीनी महंगी होने से मिठाई बनाने का खर्च बढ़ा……..

मिठाइयों के दाम बढऩे की एक बड़ी वजह दूध और चीनी की बढ़ती कीमतें भी हैं। उत्तर प्रदेश की मंडियों में चीनी का भाव पिछले महीने 4,800 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब बढक़र 5,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। वहीं, कर्नाटक सरकार ने नंदिनी दूध की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। दूध और चीनी महंगी होने से मिठाई बनाने वाली दुकानों का खर्च बढ़ रहा है, जिसका असर सीधे ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।
रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान भी हुआ महंगा…….
महंगाई का असर सिर्फ दिवाली की खरीदारी तक सीमित नहीं है। रोजाना इस्तेमाल होने वाले साबुन, तेल और दूसरे पैक्ड सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डाबर और मैरिको जैसी कंपनियों ने इस साल अपने कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाए हैं। कंपनियों ने कच्चे माल की बढ़ती कीमतों को इसकी वजह बताया है। इससे आम परिवारों का हर महीने का घरेलू खर्च भी बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *