Spread the love

बारात लेट होने पर लगेगा जुर्माना, संभल की पंचायत ने लिए कई अहम फैसले

संभल। शादी में म्यूजिक बजा या बैंड बाजा बजा तो गांव और मस्जिद के इमाम निकाह नहीं पढ़ाएंगे। इतना ही नहीं, दिन में होने वाली शादी में बरात शाम चार बजे तक नहीं पहुंची तो दूल्हा पक्ष पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। दहेज मांगने और लड़की पक्ष से मनपसंद खाने की फरमाइश करने पर भी रोक लगाने का फैसला लिया गया है। यह सब शादी में फिजूलखर्ची और सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए मुस्लिम समाज की रायीन बिरादरी ने कड़े फैसले लिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गांव सैफ खां सराय स्थित सुलेमान शहीद दरगाह पर हुई पंचायत में बिरादरी के लोगों ने सर्वसम्मति से ये फैसले लिए। पंचायत में शादी समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची और दिखावे को लेकर चर्चा हुई। बिरादरी के लोगों ने कहा कि शादी में म्यूजिक सिस्टम बजाने की परंपरा बंद होनी चाहिए। पंचायत ने तय किया कि बिरादरी की जिस शादी में म्यूजिक बजता मिलेगा, उसमें गांव और मस्जिद के इमाम निकाह नहीं पढ़ाएंगे। वहीं, दिन में होने वाली शादी में बरात को शाम चार बजे तक पहुंचाना अनिवार्य होगा। तय समय तक बरात नहीं पहुंचने पर दूल्हा पक्ष पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
पंचायत में दहेज प्रथा पर अंकुश लगाने का भी फैसला लिया। तय हुआ कि बिरादरी में शादी के लिए लड़की पक्ष से दहेज की मांग नहीं की जाएगी। लड़की पक्ष अपनी इच्छा से जो सामान देगा, उसका सार्वजनिक प्रदर्शन भी नहीं किया जाएगा। इसके अलावा दूल्हा पक्ष लड़की वालों से मनपसंद भोजन बनवाने की मांग नहीं करेगा। पंचायत में यह भी फैसला लिया शादी के अवसर पर गांव के लोगों को भट्टी की रोटी नहीं खिलाई जाएगी। केवल बाहर से आने वाले रिश्तेदारों के लिए ही भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य शादी में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *