Spread the love

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान वकील ने भारत के मुख्य न्यायधीश को सुनाई खरी-खोटी

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत और एक वकील के बीच तीखी बहस हो गई। सुनवाई के दौरान वकील ने सीजेआई से कहा, आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं। आपमें ईमानदारी नहीं है। हंगामे के बाद कोर्ट ने सुनवाई को प्रसारण म्यूट कर दिया। दरअसल, वकील अपने मामले पर जल्द सुनवाई चाहते थे। उन्होंने पहले अपनी बात रखने के लिए माफी मांगी और कहा कि मामला बेहद जरूरी है। वकील के मुताबिक, उन्होंने 2 नवंबर को सीजेआई सूर्यकांत के चैंबर में एक दस्तावेज दिया था, लेकिन 15 दिन बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसी वजह से उन्हें अदालत में अपनी बात रखनी पड़ी।
वकील की बात सुनने के बाद सीजेआई सूर्यकांत ने उनसे इंतजार करने को कहा। उन्होंने कहा, हम देखेंगे, आप थोड़ा इंतजार कीजिए। इस पर वकील ने साफ कह दिया कि वे इंतजार नहीं करेंगे। इस दौरान जस्टिस मोहना ने वकील को इस तरह की टिप्पणी करने से रोका, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने फिर सीजेआई से कहा, आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं। आपमें ईमानदारी नहीं है। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, संबंधित वकील को सुरक्षाकर्मियों ने कोर्टरूम से बाहर कर दिया। वहां मौजूद अन्य वकीलों ने सीजेआई से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बताया जा रहा है कि वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के एक मामले को लेकर नाराज थे। उन्होंने कथित तौर पर सीजेआई के पद पर बने रहने की योग्यता पर सवाल उठाया, हालांकि जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना के प्रति सम्मान जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *