
मनपा को तुरंत काम बंद करने का आदेश
मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ी दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार स्थित इमारत पर चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई को बॉम्बे हाईकोर्ट ने अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत ने अगली सुनवाई तक संबंधित इमारत और परिसर की स्थिति यथावत (जैसे थे) रखने का आदेश दिया है। साथ ही मुंबई महानगरपालिका को तत्काल प्रभाव से तोड़फोड़ का काम रोकने और मौके से अपना दल हटाने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार को दोपहर 3 बजे होगी। दक्षिण मुंबई के पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना इमारत पर गुरुवार सुबह से भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने दोपहर करीब 3.30 बजे तक जारी कार्रवाई को तत्काल रोकने का आदेश दिया। अदालत ने मनपा के वकीलों को मौके पर मौजूद अधिकारियों तक आदेश की जानकारी तुरंत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
स्थानीय निवासियों ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका
तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू होने के बाद स्थानीय निवासियों ने तत्काल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। गुरुवार दोपहर 3 बजे मुख्य न्यायाधीश महेशचंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की खंडपीठ के सामने याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने मनपा को इस मामले में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया और अगली सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी। याचिका में दावा किया गया है कि हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को इमारत गिराने की अनुमति दी थी, लेकिन इस कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से स्थगन आदेश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई महानगरपालिका ने पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित इस पुरानी इमारत को बेहद खतरनाक घोषित करते हुए सी-1 श्रेणी में रखा है। हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को इमारत को गिराने की अनुमति दी थी। इसके बाद बीएमसी ने 16 नवंबर 2026 को इमारत के निवासियों को नोटिस जारी किया और 18 व 19 नवंबर को इमारत के शेष हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।
