Spread the love

2521 प्रकरण निराकरण हेतु लोक अदालत में रखे जायेंगे

नेशनल लोक अदालत 14 सितम्बर को

दमोह : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में दमोह एवं तहसील न्यायालय हटा, पथरिया एवं तेंदूखेड़ा में 14 सितम्बर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन  किया जायेगा। इस संबंध में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी की अध्यक्षता में ए.डी.आर. भवन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय में नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु मीडियाजनों के साथ पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी ने बताया आमजन को सुलभ एवं सरल न्याय दिये जाने के उद्देश्य से 14 सितम्बर को वर्ष की तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य दांडिक, सिविल, विद्युत, मोटर दुर्घटना दावा, चैक अनादरण, वैवाहिक प्रकरणों के साथ बैंक, विद्युत, बी.एस.एन.एल., नगर पालिका, फायनेंस कंपनी के प्रि-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी राजीनामा के आधार पर प्रकरणों का अंतिम निराकरण किया जायेगा। उन्होंने बताया नेशनल लोक अदालत में जिला दमोह के न्यायालयों में लंबित 1134 प्रकरण तथा प्रि-लिटिगेशन संबंधी 2521 प्रकरणों को निराकरण हेतु रखा जा रहा है, जिनके निराकरण हेतु संपूर्ण जिले में 22 खंडपीठों का गठन किया जा रहा है।

            उन्होंने बताया प्रकरणों के निराकरण हेतु समस्त न्यायालयों को पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं के साथ प्रि-सिटिंग किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है तथा मोटर दावा दुर्घटना के प्रकरणों में अधिवक्ताओं एवं बीमा कंपनियों के मध्य चर्चा की जाकर प्रकरणों के निराकरण हेतु प्रयास किये जा रहे है। इसके साथ ही नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु दृश्यमान विभिन्न स्थानों पर लोक अदालत संबंधी बैनर लगवाये गये है। उन्होंने बताया लोक अदालत के माध्यम से निराकृत होने वाले प्रकरणों की कोई अपील नहीं होती है, इस प्रकार प्रकरण का अंतिम निराकरण हो जाता है। राजीनामा के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण होने से पक्षकारों के मध्य संबंध मधुर बने रहते है। उन्होने बताया मोटर दुर्घटना दावा के प्रकरणों में प्रिसिटिंग के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किये जाने हेतु बीमा कंपनियों के साथ प्रिसिटिंग्स आयोजित की जाकर प्रकरणों की सहमति प्राप्त की जा रही है। इस दौरान उन्होंने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किये जाने हेतु आग्रह किया। बैठक में विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी, जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया सहित समस्त पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *