
अफसर व्यंजनों का स्वाद लेते रहे लेकिन पीड़िता की सुध नहीं ली – विभा पटेल
भोपाल । मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश फिर शर्मसार हुआ है। रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र में पति को बंधक बनाकर उसकी पत्नी के साथ 6-7 लोगों ने गैंगरेप किया है। यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था के नाम पर कलंक के रूप में सामने है। राज्य में जगह-जगह गैंगरेप और रेप की घटनाओं ने प्रदेशवासियों की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। इंसानियत लज्जित हुई है। उन्होंने कहा कि गैंगरेप, दुष्कर्म, छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर रोक लगाने और इसकी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कठोर कानून बनाकर आरोपियों को फांसी दी जानी चाहिए।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि मामले की जानकारी सोमवार को मिलने के बाद भी चार दिन चुप बैठे रहने पर दोषी पुलिस कर्मियों पर कठोर कार्यवाही करने की भी मांग की है। श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि रीवा संभाग कमिश्नर, रीवा जिले के कलेक्टर, आईजी, एसपी आदि को मामले की जानकारी होने पर भी यह सभी विंध्य इन्वेस्टर समिट में मौजूद रहकर प्रदेश के मुखिया के संग उद्योगपतियों के साथ व्यंजनों का स्वाद लेते रहे, लेकिन किसी ने गैंगरेप पीड़िता की सुध नहीं ली, न ही आरोपियों की गिरफ्तारी में दिलचस्पी दिखाई।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि भाजपा राज में मध्य प्रदेश के किसी न किसी जिले में रोजाना हो रही दुष्कर्म की घटनाएं होना निंदाजनक हैं। हालत ये है कि लाड़ली बहनों, महिलाओं और बालिकाओं का अकेले घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में भय का माहौल है। प्रदेश में दुष्कर्म की बढ़ती वारदातों के बावजूद भाजपा सरकार का ध्यान नहीं है। ये घटनाएं भाजपा सरकार के उदासीन चरित्र और निष्क्रियता को भी साबित कर रही हैं।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार नारी सुरक्षा-नारी सम्मान का जुमला लगातार दोहराती है लेकिन वह नारी सम्मान की रक्षा नहीं कर रही। भाजपा के राज में पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम साबित हुई हैं। श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार ने अपराधियों के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से प्रतिप्रश्न करते हुए कहा कि ऐसा अगर नहीं है तो हर तरफ अपराध और अपराधियों का बोलबाला क्यों है। भाजपा सरकार का ध्यान सिर्फ और सिर्फ इवेंट और अपने प्रचार पर है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि कुत्सित सोच और मानसिक विकृति के चलते वहशी लोग ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर सभ्य समाज को कलंकित कर रहे है। समाज में पनप रही ऐसी बीमारी को नासूर बनने से रोकने के लिए इसका इलाज जरूरी है और दोषियों को फांसी की सजा देना ही एकमात्र ठोस उपचार है।
