
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने चुनाव आयोग को शिकायत प्रेशित करते हुये विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर द्वारा संवैधानिक पद की गरिमा के विरूद्ध चुनाव प्रचार कर आदर्श आचार सहिता का खुला उल्लंघन किये जाने पर आचार संहिता के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
श्री धनोपिया ने कहा कि विजयपुर में हो रहे विधानसभा के उपचुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है जहां 13 नवम्बर को मतदान होना है। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर जो कि एक संवैधानिक पद पर पदस्थ है तथा विधानसभा में किसी विशेष राजनीतिक दल के नेता न होकर तटस्थ भूमिका में रहकर विधानसभा का संचालन करते है। लेकिन आश्चर्य की बात है कि श्री तोमर द्वारा विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के पक्ष में खुलकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है जबकि यह सर्वविदित है कि संवैधानिक पद पर पदस्थ व्यक्ति चाहे वह विधानसभा अध्यक्ष हो या महामहिम राज्यपाल, जबकि दोनों ही व्यक्ति पद के पहले राजनीतिक दलों के सक्रिय सदस्य होते है और इसलिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा विजयपुर एवं बुधनी विधानसभा उप चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारको की सूची जारी की गई है उसमें गरिमा के अनुरूप होने के कारण चुनाव प्रचार के लिए नियुक्त 40 स्टार प्रचारकों में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर का नाम शामिल नहीं किया गया है, इससे स्पष्ट है कि भाजपा भी इस बात को स्वीकार करती है कि विधानसभा अध्यक्ष को खुलकर चुनाव प्रचार में नहीं लगाया जा सकता, लेकिन श्री तोमर द्वारा खुलकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
श्री धनोपिया ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा विजयपुर विधानसभा उप चुनाव मे ंभाजपा के पक्ष में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार किया जा रहा है, आमसभा को संबोधित किया जा रहा है, भाजपा प्रत्याशी वन मंत्री रामनिवास रावत के पक्ष में खुलकर वोट मांगे जा रहे है, उक्त संबंध में भाजपा मुख्यालय द्वारा नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा किये जा रहे चुनाव प्रचार के संबंध में फोटो एवं प्रेस नोट जारी किये जा रहे है। इसलिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से आग्रह किया है कि वे विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर जो कि संवैधानिक पद पर पदस्थ है उन्हें विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने से रोका जावे तथा यदि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव प्रचार करना प्रतिबंधित नहीं है तब कृपया स्पष्ट करें कि क्या विधानसभा अध्यक्ष एवं महामहिम राज्यपाल महोदय जो कि भाजपा नेता रहे है क्या उनके द्वारा भी चुनाव प्रचार किया जा सकता है या नहीं। उक्त संबंध में शीघ्र कार्यवाही कर प्रतिउत्तर की अपेक्षा की गई है।
