भिंड। जिले के फूप थाना क्षेत्र में कुंवारी नदी के किनारे बीहड़ में मंगलवार दोपहर एक युवक-युवती के शव पेड़ पर लटके मिले। स्थानीय लोगों ने शवों को देख तुरंत पुलिस को सूचना दी, इसके बाद फूप पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सिनोद सिंह पिता राजाराम जाटव (25), निवासी उमरी और लाली (22) निवासी हरचनपुर कस्बा दिवियापुर जिला औरैया (यूपी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती सिनोद के बड़े भाई विनोद की चचेरी साली लगती थी।
सिनोद के चाचा सरवर सिंह ने बताया सोमवार दोपहर सिनोद घर से बाइक सर्विस कराने और आधार कार्ड अपडेट की बात कह कर निकाला था। रात तक नहीं लौटा तो उसकी हर ओर तलाशी की गई। शाम 6:00 बजे के बाद सिनोद का मोबाइल बंद जा रहा था। मंगलवार दोपहर पुलिस से सिनोद और दूर के रिश्तेदार की लड़की का शव पेड़ पर लटका मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने दोनों शव पीएम के लिए भेज मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है |
