Spread the love

सागर ।  सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चितौरा में स्थित अन्नपूर्णा मुंगोड़ी की दुकान के सामने खड़ी कार से बुधवार को बदमाश कांच फोड़कर 10 लाख रुपए चोरी कर ले गए। घटना सामने आते ही गल्ला व्यापारी ने सिविल लाइन थाना में शिकायत की। पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक पुलिस घटनास्थल और टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालती रही। पुलिस के अनुसार, गौरझामर निवासी व्यापारी अजय कुमार जैन बुधवार को अपनी कार (एमपी 15 बीए 3844) से सागर आए थे। जहां उन्होंने एचडीएफसी बैंक से 10 लाख रुपए निकाले। जिन्हें थैले में रखकर गाड़ी में रख लिए। सागर से वापस गौरझामर जाते समय चितौरा के आगे अन्नपूर्णा मुंगोड़ी वाले की दुकान पर रूके। गाड़ी पार्किंग में सड़क किनारे खड़ी की और नाश्ता करने दुकान पर चले गए। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ड्राइवर के पीछे की खिड़की का कांच तोड़कर बैग में रखे दस लाख रुपए लेकर भाग गया। नाश्ता करने के बाद जब व्यापारी अजय वापस आए तो देखा कि गाड़ी के दरवाजे का एक कांच टूटा है और 10 लाख रुपए से भरा थैला गायब है। उन्होंने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सिविल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *