
नई दिल्ली । दिल्ली में भारी हंगामे के बीच दिल्ली के नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव हुए. दोनों पदों पर आम आदमी पार्टी (आप) ने फिर से कब्जा कर लिया है. आप पार्षद महेश खिंची नए मेयर बन गए हैं. उन्हें 133 वोट मिले हैं. भाजपा के किशन पाल को 130 वोट मिले हैं. इस साल भाजपा के पार्षदों की संख्या 120 थी, लेकिन उसके उम्मीदवार को 10 वोट ज़्यादा मिले. महेश खिंची देव नगर वार्ड नंबर 84 से पार्षद हैं. अब वो मौजूदा मेयर शैली ओबेरॉय की जगह लेंगे. वहीं, आम आदमी पार्टी के पार्षद रवींद्र भारद्वाज निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने गए हैं.
महेश खिंची के मेयर का चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने एक्स पर लिखा , दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले, आम आदमी पार्टी ने फिर भाजपा को पटख़नी दी है. आम आदमी पार्टी के महेश कुमार खिंची जीमेयर चुनाव में जीत हासिल कर दिल्ली के नए मेयर चुने गये हैं. ये जीत सिर्फ़ आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता की जीत है.
इस साल मेयर की सीट अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है. अप्रैल में होने वाले चुनाव नवंबर में कराए गए. ऐसे में नए मेयर का कार्यकाल सिर्फ 5 महीने का ही होगा. क्योंकि अगले साल अप्रैल में फिर से इलेक्शन होने हैं.
