
अशोकनगर। शहर के ईसागढ़ रोड स्थित यातायात थाने के पास रविवार की सुबह के समय एक कार का अचानक से पहिया फट गया, जिससे कार सडक़ के किनारे लगे तीन गुमठी-ठेलों से टकरा गई, जिससे तीन गुमठियां टूट गईं। साथ ही कार भी आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार के एयर बैग खुल गये, जिससे कार में सवार चालक व एक महिला सही सलामत बच गये। हालांकि सुबह का समय होने की वजह से दुकानों पर कोई नहीं था, इस वजह से कोई बड़ी घटना होने से बच गई। कार को केके सिंघल नामक व्यक्ति चल रहा था, जिसका नंबर एमपी04 सीवाय5050 है। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी लगने के बाद देहात थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बनाई। घटना के बाद जिन दुकानदारों का जो नुकसान हुआ है उन लोगों के नुकसान की कार चालक ने भरपाई कर दी।
