
किशोरी की मां पड़ोसी के घर छोड़ कर गई थी बेटी को – आरोपी पड़ोसन के खिलाफ मामला दर्ज
भोपाल। छोला मंदिर थाना इलाके में स्थित कल्याण नगर में एक महिला की नाबालिग बेटी का मोबाइल इस्तेमाल करते हुए ज्वाइंट अकाउंट से 30 हजार की रकम निकाल ली गई। महिला निजी स्कूल में टीचर है, स्कूल जाते समय वह अपनी नाबालिग बेटी को मोबाइल देकर पड़ोसन के पास छोड़कर चली जाती थी। इसी बात का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाली महिला उसके बैंक खाते से मोबाइल बेंकिंग के जरिए करीब चार महीने से पैसे निकाल रही थी। पैसे निकालने बाद शातिर महिला मोबाइल से मैसेज डिलीट कर देती थी। महिला और उनकी बेटी का ज्वाइंट अकाउंट है। आरोपी पड़ोसन उनकी बेटी के थम्ब इम्प्रेशन से पैसे निकाल रही थी। आखिरी बार पैसे निकालने पर आरोपी महिला मैसेज डिलीट करना भूल गई। बच्ची से पूछताछ करने पर मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, पूजा लोधी (30) ने लिखित शिकायत करते हुए बताया था की वह अपनी 13 साल की बेटी राखी के साथ रहती हैं, उनके पति नहीं हैं। वह निजी स्कूल में टीचर है। बैंक में मां-बेटी का ज्वाइंट अकाउंट है। पूजा लोधी जब भी नौकरी पर जाती तो अपनी बेटी को पड़ोस में रहने वाली महिला उर्मिला शर्मा के पास छोड़ जाती थीं। करीब चार-पांच माह से वह ऐसा की कर रही थी। पढ़ाई के लिये पूजा अपनी बेटी को मोबाइल फोन भी दे जाती थीं। पड़ोसन उर्मिला को पता चला कि मां-बेटी का ज्वाइंट अकाउंट है, तब उसने राखी को बहलाते हुए सौ-पचास रुपए देकर उसके ज्वाइंट अकाउंट से कभी 500 रुपए तो कभी एक हजार तक निकालने लगी। पिछले दिनों पूजा लोधी ने मोबाइल पर 500 रुपए निकाले जाने का मैसेज देखा तो वह चौंक गईं। बैंक जाकर जानकारी लेने पर पता चला कि पिछले तीन-चार माह के दौरान उनके ज्वाइंट अकाउंट से 30 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। पुलिस जॉच में सामने आया की पूजा लोधी मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से बैंक से पैसे विड्राल करती थीं। इसमें पूजा या उनकी बेटी राखी का थम्ब इम्प्रेशन लगता था। आरोपी उर्मिला शर्मा को जब इसकी जानकारी हुई तो पूजा के मोबाइल और राखी के थम्ब इम्प्रेशन की मदद से वह थोड़ा-थोड़ा पैसा ज्वाइंट अकाउंट से निकालने लगी थी। आखरी बार उसने 7 नवंबर को 500 रुपए अकाउंट से निकाले थे, लेकिन इस बार वह मोबाइल पर आए मैसेज को डिलीट करना भूल गई थी।
