
मंत्री सिलावट ने किया भूमिपूजन ::
इन्दौर। किसी भी क्षेत्र के विकास की धुरी सडक होती है। इसी तारतम्य में सांवेर विधान में आज करीब 11 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली 5 सड़कों का भूमिपूजन जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने किया। इन सड़कों की स्वीकृति पर मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पीडब्ल्यूडी विभाग मंत्री राकेश सिंह का क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
मंत्री सिलावट ने ग्राम डकाच्या में आयोजित कार्यक्रम में करीब 10 करोड रूपये की लागत से निर्मित होने वाली डकाच्या से सुल्लाखेडी रोड, अर्जुन बरोदा से सिलोटिया और पलासिया से सिलोटिया सडक निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसमें 372.98 लाख रुपए लागत से निर्मित होने वाले डकाचिया से सुल्लाखेड़ी मार्ग, 374.23 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले अर्जुन बड़ौदा से सिलोटिया मार्ग एवं 230.56 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले पलासिया से सिलोटिया मार्ग का निर्माण होगा। उन्होंने शिप्रा में आयोजित कार्यक्रम में 57.71 लाख रुपए लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच मार्ग का भूमि पूजन किया। मंत्री सिलावट ने बरलाई जागीर में आयोजित कार्यक्रम में 52.09 लाख रुपए लागत से निर्मित होने वाले बरलाई जागीर इमलीवाड़ी से रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग का भूमि पूजन किया।
:: सड़कों के निर्माण से क्षेत्र का विकास होगा : सिलावट
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ रहा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास के कार्यों को तेज गति प्रदान की जा रही है। सड़कों के निर्माण से क्षेत्र का विकास होगा। क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा क्षेत्र के विकास के लिए कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी स्तर पर बेहतर तरीके से क्रियान्वयन करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। बीते 9 माह के भीतर सांवेर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 130 करोड रुपये लागत की 46 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली। शिप्रा, बरलाई जागीर एवं डकाच्या में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पशुपालन जो 10 गाय रखते है उन्हें अनुदान दिया जाएगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो। गौशालाओं को आदर्श गौशाला का स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बडी संख्या में गणमान्यजन एवं ग्रामीण आदि उपस्थित थे।
