
इन्दौर। अपने माता-पिता के साथ गुजरात से इन्दौर नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई छ साल की मासूम बच्ची तीन दिन पहले गुम हो गई थी। आज उन मासूम बच्ची का शव नाले के कचरे से पुलिस और नगर निगम की टीम ने बरामद किया है। घटना इंदौर के बिजलपुर स्थित शिव सागर कॉलोनी की है जहां से लापता हुई 6 वर्षीय मासूम बच्ची लक्षिका का शव नानी के घर के पास स्थित नाले में कचरे के साथ मिला है। बताया जा रहा है कि वह तीन दिन पहले अपनी नानी के घर से अचानक लापता हो गई थी। जिसके बाद से ही उसके परिजन और पुलिस उसको लगातार तलाश रहे थे। बच्ची को तलाशने में पुलिस द्वारा डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई थी। जिसमें डॉग स्क्वॉड भी इसी नाले के पास पुलिस टीम को लेकर पहुंचा था। शव मिलने के बाद परिजनों और रहवासियों ने बच्ची के साथ कोई घटना घटित होने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाते चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि बच्ची को तीन दिन किसी ने घर में रखा और नाले में ले जाकर फेंक दिया है। क्योंकि तीन दिन में बॉडी फूल जाती है। लेकिन बच्ची की बॉडी फूली नहीं है वहीं बच्ची के कपड़े फटे हुए हैं। उनका कहना है कि हमें बच्ची का हत्यारा चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन, नगर निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनका आरोप है कि नाले पर बाउंड्री वॉल बनाने के लिए कई आवेदन दिए गए, लेकिन बाउंड्री वॉल तैयार नहीं की गई। फिलहाल, यह साफ नहीं हुआ है कि बच्ची की मौत कैसे हुई। एसीपी रुबीना मिजवानी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वायड की मदद से हम यहां तक पहुंचे और इसके बाद एसडीआरएफ और नगर निगम टीम की मदद से सर्चिग शुरू की। पोकलेन मशीन से कचरा हटाया गया। इसी कचरे में बच्ची का शव मिला। बच्ची अपने माता-पिता के साथ इंदौर में अपने नाना-नानी के घर शादी में आई थी। वह यहां कैसे पहुंची इसकी जांच की जा रही है।
