Spread the love

प्रातः काल की मंगल बेला पर नगर के समस्त दिगंबर जिनालयों सहित चैत्यालय गुंजायमान हो उठे

(दीप्ती शुक्ला)

छिंदवाड़ा – उत्तम क्षमा जहां मन होई – अंतर बाहर शत्रु न कोई पूजन की लाईन सहित दशलक्षण महापर्व की जय – उत्तम क्षमा धर्म की जयघोष से भादों सुदी पंचमी के शुभ दिन प्रातः काल की मंगल बेला पर नगर के समस्त दिगंबर जिनालयों सहित चैत्यालय गुंजायमान हो उठे।
महा मंगलमय प्रसंग था जैन दर्शन के अनादि निधन शाश्वत महापर्व दशलक्षण के भव्य शुभारंभ का, इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के साथ श्री दिगंबर जैन मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के जिनशासन सेवकों ने उत्तम क्षमा धर्म की मंगल आराधना करते हुए क्षमा स्वरूपी ज्ञायक आत्मा की महिमा गाई।
प्रातः काल की मंगल बेला पर बड़ी संख्या में श्रावक – श्राविकाओं ने अहिंसा स्थली गोल गंज स्थित श्री आदिनाथ जिनालय में श्री देव – शास्त्र – गुरु भगवंतों के साथ सोलह कारण पूजन, पंचमेरु पूजन, दशलक्षण पूजन विधान में हिस्सा लिया।
प्रवचनों की श्रृंखला में वीतराग भवन में गुरुदेवश्री के सीडी प्रवचनों के साथ उदयपुर से पधारे पंडित राजकुमारजी शास्त्री के श्रीमुख से बहुत ही सरल एवं सुगम शैली में दशलक्षण महापर्व की महिमा जानी साथ ही उत्तम क्षमा का वास्तविक स्वरूप समझकर उसे जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में जयपुर से पधारे युवा विद्धान अंकित शास्त्री ने नई आबादी गांधी गंज स्थित पार्श्वनाथ जिनालय एवं गोल गंज के स्वाध्याय भवन में जैनदर्शन के मुख्य सिद्धांतों पर कक्षा लेकर उत्तम क्षमा धर्म का सच्चा स्वरूप समझाया।
संध्या काल की मंगल बेला पर सभी ने प्रतिक्रमण पाठ कर श्री जिनेन्द्र भक्ति में हिस्सा लिया ओर पंडित राजकुमारजी शास्त्री के श्रीमुख से मां जिनवाणी का रसास्वादन किया। साहित्यिक कार्यक्रमों की श्रंखला में लघु नाटिका का सुंदर मंचन किया गया जिसका सफल संचालन श्रीमती ऊषाकिरण जैन के साथ पाठशाला संचालिका वर्षा पाटनी एवं आर्या जैन ने किया।
आज होगी उत्तम मार्दव धर्म की आराधना –
फेडरेशन सचिव दीपक राज जैन ने बताया की पर्वराज दशलक्षण के द्वितीय दिवस आज भादों सुदी नवमी सोमवार के शुभ दिन सकल दिगंबर जैन समाज के साथ मंडल एवं फेडरेशन धर्म के द्वितीय लक्षण उत्तम मार्दव धर्म की आराधना करेगा, इस अवसर पर पूजन, विधान, मंगल प्रवचनों के साथ श्री जिनेन्द्र भक्ति कर वीतराग भवन में विविध साहित्यिक कार्यक्रमों के अंतर्गत रात्रि 9.30 बजे से ये जोड़ी है कमाल की आयोजन किया गया हैं जिसका लाभ लेने की अपील मंडल एवं फेडरेशन द्वारा सकल जैन समाज से की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *