बेसहारा महिला को उपचार हेतु पंहुचाया जिला चिकित्सालय


(दीप्ती शुक्ला )
छिंदवाड़ा – नगर के मानसरोबर बस स्टेंड में एक अज्ञात महिला 8 दिनों से बीमार अवस्था में लेटी हुई थी जिस पर गणेश चतुर्थी के शुभ दिन अहिंसा प्रेमी नरेंद्र जैन एवं बबलू सोनी सहित मोबाइल एसोसियेशन के सेवा भावी सदस्यों की नजर पड़ी।नरेंद्र जैन ने महिला की मदद के लिए सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक एवं नगर पालिक निगम स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर दीपक राज जैन से मदद मांगी। जिनके अनुनय पर तुरंत ही दीपक राज जैन बस स्टेंड पंहुचे ओर बीमार महिला की स्थिति देख महापौर विक्रम अहाके एवं नगर निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी से मदद मांगी।
जिनके कहने पर गौधूली वृद्धाश्रम से सुरेश मालवीय उसे लेने बस स्टेंड आए परंतु वृद्ध महिला की अधिक अस्वस्थता को देखकर सभी ने डायल 100 पर फोन किया और 108 एम्बुलेंस बुलाई। अहिंसा प्रेमियों ने महिला को वस्त्र पहनाकर जलपान कराकर 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उसका उपचार प्रारंभ हो गया।समाज सेवी दीपक राज जैन एवं नरेंद्र जैन का कहना है कि महिला के स्वस्थ होने पर उसे नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा संचालित गौधुली वृद्धाश्रम में आश्रय दिया जावेगा जहां उसकी देखरेख सहित आवास, भोजन आदि की व्यवस्था होगी।मानव सेवा के इस निःस्वार्थ कार्य के लिए महापौर विक्रम अहाके, नगर निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी समेत गणमान्य नागरिकों ने अहिंसा प्रेमियों की सराहना कर उन्हे साधुवाद दिया।
