अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर विधिक सेवा अभियान अंतर्गत ग्राम हर्रई सिंगोरगढ़ में वृहद विधिक साक्षरता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर संपन्न


दमोह : म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी की उपस्थिति में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर विधिक सेवा अभियान (03 से 07 दिसम्बर) अंतर्गत दिव्यांगजन विशेषकर दिव्यांग विद्यालयीन छात्र/छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय, स्थानीय निकाय के सहयोग एवं समन्वय से ग्राम हर्रई सिंगोरगढ़ में वृहद विधिक साक्षरता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस मौके पर जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी तेंदूखेड़ा पुजित कमल, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी मीना मसराम, एस.डी.एम. सौरभ गंदर्भ, एस.डी.ओ.पी. देवी सिंह ठाकुर, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया मौजूद थे।
प्रधान जिला न्यायाधीश आनंद कुमार तिवारी ने दिव्यांगजन को सम्बोधित करते हुए कहा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगजन हेतु विधिक सेवा अभियान 03 से 07 दिसम्बर तक देशभर में शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाये जाने हेतु चलाया जा रहा है। इस अभियान के समापन पर ग्राम हरई सिंगोरगढ़ में भी दिव्यांगजन के हितार्थ शासन द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं तक पहुंच हेतु इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिससे सभी हितग्राहियों को लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने में आने वाली कठिनाईयों या समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह से संपर्क करने हेतु सलाह दी। उन्होंने 14 दिसम्बर 2024 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में आपसी राजीनामा के आधार पर निराकृत होने वाले प्रकरणों एवं लोक अदालत के लाभ के विषय में उपस्थित आमजन को जानकारी दी गई।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी मीना मसराम ने कहा शासन द्वारा दिव्यांग शिविर लगाकर दिव्यांग व्यक्तियों की हर एक तरह से मदद की जाती है, चाहे बुजुर्ग हो या छात्र हो या युवा हो, सभी को सामाजिक न्याय विभाग से मदद मिलती है। एस.डी.एम. सौरभ गंदर्भ ने कहा आज ग्राम हर्रई में शिविर सुनिश्चित किया गया है जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद है, जिनसे आमजन अपनी समस्याओं का निराकरण उपस्थित होकर करवा सकते है। सामाजिक सुरक्षा एवं विस्तार अधिकारी विक्रम सिंह लोधी ने दिव्यांगजनों के हितार्थ संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में 21 दिव्यांगजन के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया, 35 दिव्यांगजन के दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए गए, 01 दिव्यांग को ट्राईसाईकिल, 03 दिव्यांगजन को कृत्रिम अंगों एवं 35 दिव्यांगों को पौधों का वितरण संबंधित विभागों के समन्वय से प्रधान जिला न्यायाधीश श्री तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं से संबंधित लगाये गये स्टाॅल का निरीक्षण किया।कार्यक्रम का संचालन सचिव आनंद जैन एवं कार्यक्रम के अंत में व्यवहार न्यायाधीश/अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति तेंदूखेड़ा पूजित कमल द्वारा शिविर में उपस्थित समस्त विभागों द्वारा सहयोग प्रदान किए जाने हेतु आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा एवं विस्तार अधिकारी विक्रम सिंह लोधी, स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर राजेश अहिरवाल एवं सुश्री दीप्ति नामदेव, खुशबू बाल्मीकि, तेंदूखेड़ा सहित न्यायालयीन कर्मचारीगण, सरपंच, सचिव, अधिवक्ता रतनलाल साहू, आशीष नामदेव, मनोज सोनी, ग्रामीणजन, पैरालीगल वालेंटियर्स, एवं दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
