पदयात्रा के जरिए हजारों लोगों ने की फ्लाईओवर की मांग


जबलपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में फ्लाईओवर की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया गया। अम्बेडकर चौक से रद्दी चौकी तक पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस जन और आम शहरवासी उपस्थित रहे। पदयात्रा का आरंभ अम्बेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ, जिसके बाद पदयात्रा घमापुर, शीतलामाई, मदार टेकरी, बहोराबाग होते हुए शहीद अब्दुल हमीद चौक (रद्दी चौकी) पहुंची। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया, जिसमें मांग की गई कि 2019 की स्थिति में स्वीकृत अम्बेडकर चौक – रद्दी चौकी फ्लाईओवर का निर्माणकार शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। इस दौरान नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश यादव, कदीर सोनी, सतीश उपाध्याय, कल्लन गुप्ता, जितेंद्र सिंह ठाकुर, याकूब अंसारी, डॉ.रमाकांत रावत, कलीम खान, संजय साहू, प्रमोद पटेल, राकेश पांडे, शफीक हीरा, अभिषेक चंदेल, असित यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि जानबूझ कर साजिश के तहत शहर का सबसे जरूरी फ्लाईओवर अटकाकर रखा गया है। प्रदेश सरकार अलग-अलग हथकंडे अपनाकर इस फ्लाईओवर के काम को तकनीकी पेंच में फंसा रही है, जिसका खामियाजा हजारों छोटे-बड़े दुकान व्यापारी और लाखों शहरवासी भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा एक चेतावनी है प्रदेश सरकार के लिए कि वह पूर्व की जनता के साथ पक्षपात बंद करे और जल्द फ्लाईओवर का काम शुरू हो। यदि ऐसा नहीं हुआ तो जिले के इतिहास का सबसे बड़ा आंदोलन जबलपुर शहर देखेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
05 साल से रुका है प्रस्ताव…
11 दिसम्बर 2019 को अम्बेडकर चौक से अब्दुल हमीद चौक (रद्दी चौकी) तक फ्लाईओवर का प्रस्ताव पास कर दिया गया था। इस प्रस्ताव में कहीं कोई अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं थी। तकनीकी पेंचों से मुक्त यह प्रस्ताव शहर की बड़ी आबादी के लिए अमृत साबित होता। लेकिन इस प्रस्ताव को आज तक जानबूझकर अटकाकर रखा गया है। मैंने विधानसभा में कई बार इस मुद्दे की तरफ ध्यान आकर्षित कराया है, लेकिन अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया। जब सरकार के पास इस फ्लाईओवर को बनाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा, तब लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अम्बेडकर चौक से रेलवे और हाईकोर्ट चौक तक बढ़ाने का निर्देश दे दिया। श्री घनघोरिया का आरोप है कि यह साफ तौर पर फ्लाईओवर को तकनीकी पेंच में फंसाने की साजिश दिख रही है।
