
राजगढ़ से आरोपी का साथी गिरफ्तार, लापता पति सहित अन्य आरोपियो की तलाश जारी
-सोशल मीडिया पर हुई थी आरोपी की विवाहिता से पहचान
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार थाना इलाके में स्थित सर्वधर्म नगर में अपहरण का चौका देने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति को उसकी पत्नी के प्रेमी ने अपने दोस्तो के साथ आकर अगवा कर लिया है। पति के कहने पर पत्नि आरोपी प्रेमी से दूर हो गई थी, लेकिन आरोपी लगातार उससे मिलने का दबाव बना रहा था, महिला मिलने से इनकार करती रही जिसके बाद आरोपी ने पति को किडनेप कर लिया। मामले में मिली जानकारी के अनुसार मूल रुप से बैतूल जिले के रहने वाले हेमराज मालवीय की शादी दस साल पहले रायसेन निवासी पिंकी मालवीय से हुई थी। फिलहाल दंपत्ति भोपाल के कोलार इलाके के सर्वधर्म नगर में रहते हुए टिफिन सेंटर संचालित करते हैं। 6 दिसंबर की दोपहर कालोनी के पास कोलार रोड पर हेमराज एक दुकान से शेव करवाकर बाहर निकला उसी समय वहां पर पहले से घात लगाकर मौजूद नकाबपोश बदमाशों ने उसके सिर में बेसबाल के बल्ले से हमला किया और उसके गिरते ही बदमाश उसे अर्टिगा कार में डालकर अगवा कर ले गए। सूचना मिलने पर अपहरण का मामला कायम कर जॉच शुरु की, शुरुआती छानबीन में सामने आया कि पहले हेमराज परते राजगढ़ जिले में रहता था। इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिये उसकी पत्नि पिंकी की दोस्ती राजगढ़ ब्यावरा के रहने वाले गोलू पूरबिया उर्फ गोविंद उर्फ गोलू से हुई थी, वहॉ पर उनके बीच कई बार मिलना जुलना भी हुआ था। इसकी जानकारी लगने पर हेमराज भोपाल आकर रहने लगा था। साथ ही उसने पत्नी की गोलू से फोन तक पर बातचीत भी बंद करा दी थी। इसके बाद आरोपी गुस्साया गोलू हेमराज की पत्नि पर मिलने का दबाव बनाते हुए उसके पति को अगवा करने की धमकी देता था। इसके बाद कोलार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें पता चला कि जिस कार से हेमराज को अगवा किया गया है, वह भी ब्यावरा की और गई है। इसके बाद राजगढ़ जिले के ब्यावरा थाना पुलिस की मदद से नाकेबंदी कर राजगढ़ चौराहे पर उस कार को रोक लिया। पुलिस टीम को कार में सतीश सोंधिया और चालक बृजमोहन लोधा मिले जिन्होनें पूछताछ में खुलासा किया है, कि रास्ते में ही गोलू सहित अन्य आरोपी अगवा कर लाये गये हेमराज को उतारकर दूसरी कार से ले गए। पुलिस सूत्रो के अनुसार पुलिस ने उनसे मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम के साथ राजगढ़ में मौजूद कोलार टीआई ने एक और सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी सत्या गुर्जर को राजगढ़ में ही घेराबंदी कर दबोच लिया है। उससे पूछताछ के साथ ही पुलिस किडनेप हुए हेमराज सहित अन्य आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
