Spread the love

तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे आरोपियो का पिता ने किया था विरोध
-हत्या के दो आरोपी हिरासत में, एक फरार

भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर थाना इलाके में तीन बदमाशों ने एक युवक की गले पर चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक के यहॉ चार दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ हुआ है। वहीं तीनो आरोपी बीती देर रात उसकी झुग्गी के करीब ही शराब पार्टी करते हुए तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे। संगीत के तेज शोर के मृतक का नवजात बेटा सो नहीं पा रहा था। वह आरोपियो से संगीत बंद करने का कहने गया इसी बात पर विवाद करते हुए बदमाशो ने उसे पकड़ते हुए गले पर चाकू का घातक वार कर दिया। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, वहीं तीसरे की तलाश की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या नगर एक्सटेंशन इलाके में 84 एकड़ झुग्गी बस्ती में रहने वाला मनोज चोरे (30) पिता विश्वनाथ चोरे मेहनत-मजदूरी करता था। उसकी 4 साल पहले ही हुई थी। उसके परिवार में पत्नि सहित दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दो साल का है, वहीं छोटे का 4 दिन पहले ही जन्म हुआ है। उसके घर के सामने एक झुग्गी है, जिसमें कोई नहीं रहता है, और वह लंबे समय से खाली पड़ी है। रविवार रात इस झुग्गी में आरोपी प्रहलाद कुशवाह, राजू और प्रदीप शराब पार्टी करने पहुंचे थे। आरोपियो ने यहां अंडे का आमलेट भी बनाया। शराब का नशा होने के बाद आरोपी झुग्गी के भीतर हंगामा करते हुए तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। उनका हंगामा आधी रात करीब डेढ़ बजे तक चल रहा था। इधर शोर के कारण मनोज का नवजात 4 दिन का बेटा सो नहीं पा रहा था। परेशानी होने पर मनोज अपने भाई और बहन के आरोपियो के पास पहुंचा और उसने कहा कि शोर के कारण आसपास के लोगो को परेशानी हो रही है, और वह सो नहीं पा रहे है। मनोज ने उनसे म्यूजिक बंद करने को कहा। उसके विरोध करने पर आरोपियो ने उससे विवाद करना शुरु कर दिया। झगड़ा बढ़ने पर तीनो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरु कर दी। इस बीच राजू और प्रदीप ने मनोज के हाथ पकड़ लिए और प्रहलाद ने चाकू निकालकर मनोज का गला रेत दिया और हाथ की कलाई की नस काट दी। चाकू के वार से मनोज के गले से तेजी से खून निकलने लगा। उनसे छूटकर मनोज जान बचाने के लिये अपने घर की और भागा लेकन कुछ दूर भागने के बाद वह घर के पास बेसूध होकर जमन पर गिर गया। परिवार वाले उसे इलाज के लिये अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर वारदात के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिये घेराबंदी शुरू की। देर रात पुलिस ने आरोपी प्रदीप और राजू को हिरासत में ले लिया जबकि प्रहलाद की तलाश की जा रही है। बताया गया है, आरोपी सागर जिले के रहने वाले है, वहीं मुख्य आरोपी प्रहलाद कुशवाह 8 महीने पहले ही मोहल्ले में रहने आया था। आंशका है कि वह सागर की और ही फरार हुआ होगा। पुलिस मामले की आगे की कार्यवाही में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *