


दमोह : शहर के तीन सरस्वती विद्यालयों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं के बीच केशव नगर स्थित सरस्वती विद्या विहार विद्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने उपस्थित होकर बिजली, पानी एवं स्वच्छता पर विद्यार्थियों से बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में हमें पानी के उपयोग, बिजली की बचत व वातावरण में बढ़ते प्रदूषण के प्रति सतर्क होना पड़ेगा वरना आने वाला कल आप लोगों के लिए अनेक कठिनाइयां पैदा करने वाला है।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा घर से निकलने वाले कचरे के प्रबंधन के बारे में यदि आप जागरूक नहीं हुए तथा समझ विकसित नहीं की तो हमारे शहर के ही पास धीरे-धीरे कचरे का पहाड़ इकट्ठा होता जाएगा, जिसके प्रदूषण से हमारा इस शहर में रहना मुश्किल होगा। आप सभी को चाहिए की आप गीले और सूखे कचरे के भेद को समझे, पेड़ पौधों तथा मानव सहित अन्य जानवरों के अवशेष गीले कचरे के अंतर्गत आते हैं, क्योंकि इन सब का सूक्ष्म जीवों द्वारा अपटन करके उन्हें कंपोस्ट में बदल दिया जाता है, यह कंपोस्ट हमारे लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व है, जो फसल उत्पादन सब्जी उत्पादन तथा उद्यानों के लिए अत्यंत आवश्यक खाद है। इसी तरह सूखे कचरे में प्लास्टिक एवं उसके बने हुए उत्पाद आते हैं, जिन्हें रिसाइकल करके फर्नीचर खिलौने आदि बनाए जा सकते हैं। यदि आप और आपके परिवार के सदस्य गीले एवं सूखे कचरे को सही तरीके से कचरा गाड़ी या घर में व्यवस्थित करें तो आने वाले भविष्य में हम पर्यावरण को प्रदूषित होने से रोक सकते हैं तथा कचरे से उपयोगी सामग्री तैयार करके अर्थव्यवस्था को बढ़ा सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को बताने का प्रयास किया कि कोई भी विद्यार्थी अथवा शिक्षक सर्वप्रथम पहल कर सकता है तथा शहर को स्वच्छ बनाने में उनके सहयोगी हो सकता है। कार्यक्रम में विद्या भारती मध्य प्रांत के अध्यक्ष विवेक सेन्डे, जिला शिक्षा अधिकारी एस के नेमा, सभी सरस्वती विद्यालयों के प्रधान अध्यापक, आचार्य, शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
