Spread the love

जिले में “मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान” के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री कोचर ने जारी किये निर्देश

दमोह : भारत सरकार एवं राज्य शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं के लाभ उनके पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 11 दिसम्बर से 26 जनवरी 2025 तक “मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान चिन्हित योजनाओं एवं सेवाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान कर शत प्रतिशत सैचुरेशन लाया जाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

            जिले में “मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान” के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने निर्देश जारी किये है। जिसके अनुसार अभियान में चिन्हित योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित ग्राम/ग्राम पंचायत/ विकासखण्ड/ वार्ड/ नगर पालिका/ नगर परिषद स्तर पर पदस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत/मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से समन्वय करते हुये सम्पर्क दल बनाया जाये।

            जिले में चिन्हित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने से वंचित हितग्राहियों की पहचान हेतु 11 दिसम्बर से 20 दिसम्बर 2024 तक प्रत्येक ग्राम एवं शहरी वार्ड में सम्पर्क दलों को भेजा जाये एवं शत प्रतिशत् परिवारों का सर्वे कराया जाये। सर्वे दल द्वारा सर्वे के दौरान निर्धारित प्रपत्र में हितग्राहियों का विवरण दर्ज करते हुये आवेदन प्राप्त किये जायें एवं संबंधित शिविर प्रभारी को सौंपे जायें। शिविर प्रभारी अपने लॉगिन आई.डी. के माध्यम से सर्वे दलों से प्राप्त प्रपत्र अनुसार आवेदनों की जानकारी सी.एम. हेल्पलाईन पोर्टल (https://cmhelpline.mp.gov.in) पर प्रति दिवस दर्ज करायेंगे। शिविर प्रभारियों की लॉगिन आई.डी. पासवर्ड संबंधित जनपद पंचायत/नगर पालिका कार्यालयों से प्राप्त होगी।

            सम्पर्क दल द्वारा ही धरती आवा योजना अंतर्गत लक्षित हितग्राहियों/परिवारों का Gap Identification का कार्य किया जाकर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत/मुख्य नगर पालिका अधिकारी के माध्यम से जिला स्तरीय नोडल अधिकारी को सौंपा जायेगा। 11 दिसम्बर  से 26 जनवरी 2025 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वाडों में शिविरों के आयोजन जिला स्तर से जारी रोस्टर अनुसार किये जायेगें। शिविरों में सर्वे के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण किये जायेंगे एवं नवीन आवेदन भी प्राप्त किये जायेंगे, जिसकी जानकारी शिविर प्रभारी की लॉगिन आई.डी. से सी.एम. हेल्पलाईन पोर्टल पर दर्ज की जायेगी। कलेक्टर श्री कोचर ने समस्त संबंधित विभाग प्रमुखों से कहा है सुनिश्चित करें कि अभियान में चिन्हित योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित सर्वे का कार्य निर्धारित समयावधि में शत प्रतिशत हो जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *