Spread the love

पूर्व में भी चार आरोपी पकड़े जा चुके है
भोपाल। इंदौर कमिश्नरेट में डिजिटल ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए हैं। इन निर्देशों के अनुक्रम में ऑनलाइन ठगी की शिकायतों में क्राइम ब्रांच इंदौर की स्पेशल टीम को लगाया गया था। इस टीम ने महिला से 1.60 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले 02 और आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चार आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए आरोपियों से रिमांड लेकर पूछताछ के दौरान यह कार्रवाही की गई है।
उल्‍लेखनीय है कि 59 वर्षीय महिला इंदौर निवासी फरियादिया से ठग गैंग के द्वारा स्काइप एवं व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर अलग–अलग शासकीय विभाग (CBI,RBI, पुलिस आदि) का अधिकारी बताकर मनीलाडरिंग केस में जेल जाने का डर बताकर, फरियादी की निजी एवं बैंकिंग जानकारी प्राप्त करते हुए, बैंक अकाउंट, FD , शेयर्स आदि के रुपयों की जांच करने के नाम से ऑनलाइन 1 करोड़ 60 लाख रुपए प्राप्त करके फरियादी के साथ ऑनलाइन ठगी की गई थी।
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए इस मामले में सूरत (गुजरात) और मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से आरोपी प्रतीक जरीवाला, अभिषेक जरीवाला,चंद्रभान बंसल तथा राकेश कुमार बंसल को गिरफ्तार किया था।
फर्जी डिजिटल अरेस्ट प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात से विवेक रंजन उर्फ पिंटू गिरी पिता जितेंद्र उम्र 32 निवासी नडियाद जिला खेड़ा गुजरात तथा अल्ताफ पिता मोहम्मद रफीक कुरैशी उम्र 33 वर्ष निवासी उमरेट जिला आनंद गुजरात को गिरफ्तार किया है।
रिमांड पर जारी पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ठग गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने इन आरोपियों के बैंकिंग लेन-देन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच शुरू कर दी है।
बैंक कर्मियों की संलिप्तता की जांच
क्राइम ब्रांच इस मामले में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। यदि संलिप्तता पाई जाती है, तो उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *