Spread the love

फतेहगढ़ थाना अंतर्गत पतलीमार गांव की घटना
गुना। जिले के बमोरी विधानसभा क्षेत्र के फतेहगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पतलीमार में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस विवाद में खोरी निवासी दो सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान प्रताप बरेला और बबलू बरेला के रूप में हुई है। हत्या का आरोप बुआ के बेटों पर है, जो सगे रिश्तेदार हैं।
झगड़े की पृष्ठभूमि
मृतकों के भाई अनिल बरेला ने जानकारी दी कि एक सप्ताह पहले पतलीमार स्थित खेत पर बनी झोपड़ी में बबलू बरेला सो रहा था। उसी दौरान बुआ के लडक़े वहां पहुंचे और रात के अंधेरे में ताक-झांक करने लगे। इस पर बबलू बरेला ने गुस्से में उन्हें गाली-गलौज दी, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में पहले से ही विवाद चल रहा था।
घटना बीते दिन रात करीब 8 बजे की है। चारों आरोपी सुरभ सिंह, प्रहलाद, ब्यार सिंह और गंगा सिंह सहित अन्य ने धारदार हथियारों से लैस होकर खेत पर काम कर रहे दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में प्रताप और बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान आरोपियों ने तीसरे भाई अनिल बरेला पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह एक किलोमीटर तक भागते हुए अपनी जान बचाने में सफल रहा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसडीओपी विवेक अस्थाना ने बताया कि विवाद सगे मामा और बुआ के बेटों के बीच हुआ था। कुछ दिन पहले महुवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो इस खूनी संघर्ष का कारण बनी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियो की तलाश तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ भी लिया है।
यह घटना बमोरी विधानसभा क्षेत्र में जमीनी विवादों के कारण बढ़ती हिंसा का एक और उदाहरण है। इसके पहले फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पन्हेटी में भील और बंजारा समाज के बीच हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद गुस्साए भील समाज के लोगों ने बंजारा समाज की बस्ती में आग लगा दी थी। इस संघर्ष के बाद से ही क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *