Spread the love

नई दिल्ली। संसद परिसर में हुए धक्का-मुक्की कांड पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भाजपा और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की साजिश अमित शाह को बचाने के लिए रची गई।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, कि राहुल गांधी शांतिपूर्वक डॉ. भीमराव आंबेडकर की फोटो लेकर जय भीम के नारे लगाते हुए संसद जा रहे थे। फिर उन्हें रोका गया और भाजपा सांसदों ने धक्का-मुक्की और गुंडागर्दी की। यह सब अमित शाह को बचाने के लिए किया गया है।
यह बयान उस वक्त आया जब भाजपा ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वजह से भाजपा सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हुए। कांग्रेस ने इन आरोपों को नकारते हुए उल्टा भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया।
इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने आगे कहा, कि मेरे सामने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जमीन पर गिराया गया। सीपीएम सांसद को भी धक्का दिया गया, जिससे वे खड़गे जी के ऊपर गिर गए। यह सब पूरी योजना के तहत किया गया। भाजपा अगर सच में आंबेडकर जी का सम्मान करती है, तो जय भीम का नारा क्यों नहीं लगाती? मैं भाजपा सांसदों को चुनौती देती हूं कि वे यहां खड़े होकर जय भीम बोलकर दिखाएं।
प्रियंका गांधी ने मीडिया को बताया कि राहुल गांधी संविधान और डॉ. आंबेडकर के सम्मान के लिए शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा, हम पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। किसी को रोका नहीं, लेकिन आज भाजपा ने जानबूझकर यह हंगामा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *