Spread the love

ग्वालियर में सम्मानित हुई कटनी की बेटी

कटनी। कवयित्री नीलिमा पाठक सामंतरे को ग्वालियर के बाल भवन में राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ (रजि.) द्वारा आयोजित समारोह में एम.पी राइजिंग स्टार अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड उन्हें साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस गरिमामय समारोह में अतिथि के रूप में ग्वालियर के सांसद एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री भारत सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व संस्थापक श्री राजकुमार धाकड़ ,राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ के राष्ट्रीय संरक्षक गौरीशंकर धाकड़ जी,पूर्व जे.जे.बी मेंबर श्रीमती शकुंतला सिंह परिहार, पूर्व बीज निगम अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा जिला अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव एवं प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य विशिष्ठ हस्तियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार, मानव कल्याण और समाजसेवा के विभिन्न आयामों से जुड़कर बेहतर कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में सम्मानित नीलिमा पाठक सामंतरे का काव्य संग्रह अहसास पाठकों के सम्मुख आ चुका है। इसके अलावा सम सामयिक विषयों पर उनकी 300 से ज्यादा रचनाएं पब्लिक डोमन पर हैं, जिन्हें पाठक वर्ग की खासी सराहना मिली है। वे प्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सत्येंद्र पाठक और कटनी की पूर्व महापौर श्रीमती निर्मला पाठक की सुपुत्री तथा विजयराघवगढ़ के विधायक, पूर्व मंत्री संजय पाठक की बहन हैं। उनके पति बिमल सामंतरे राजधानी भोपाल के प्रतिष्ठित व्यवसाई हैं। नीलिमा की साहित्य यात्रा में उनका खास सहयोग शामिल है। समारोह में नूतन वर्ष के आगाज पर उनके द्वारा प्रस्तुत रचना ” ख्वाहिशों का कारवां लेकर फिर नए सफर पर बढ़ा जाए..को उपस्थित लोगों की खासी सराहना मिली। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी काव्य लेखन के क्षेत्र में नीलिमा को विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इस उपलब्धि पर स्नेहीजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *