ग्रामीणों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन

टीकमगढ़। शासकीय मिडिल स्कूल नयाखेरा में 2 शिक्षकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। स्कूल परिसर में दोनों शिक्षकों ने एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद देहात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को ग्रामीणों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोनों शिक्षकों को हटाने की मांग की है। नयाखेरा निवासी मनीष यादव ने बताया कि बुधवार को गांव के शासकीय मिडिल स्कूल में शिक्षक विवेक खरे और प्रधान अध्यापक बुद्ध सागर के बीच विवाद हो गया। दोनों ने स्कूल परिसर में ही एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान स्कूल के बच्चे भी मौजूद थे।भोजन बनाने वाली महिलाओं और बच्चों ने दोनों शिक्षकों को लड़ने से रोका। जैसे ही घटना की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिली वो भी देहात थाने पहुंच गए। दोनों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
शिक्षकों ने दर्ज नहीं कराई शिकायत
देहात थाना प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि दोनों शिकायत दर्ज कराने थाने आए थे लेकिन अन्य शिक्षकों के समझाने के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई।
ग्रामीणों ने शिक्षकों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
नयाखेरा गांव के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिला शिक्षा अधिकारी के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने स्कूल परिसर में मारपीट करने वाले दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
