
5 जनवरी से प्रारंभ होकर तीन चरणों में निर्वाचन संपन्न होंगे
दमोह। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक रीवा में पारित प्रस्ताव के अनुसार शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष डॉ श्री क्षत्रवीर सिंह राठौर ने प्रदेश भर की सभी नगर, तहसील ओर विकासखंड की इकाइयों के कार्यकाल पूर्ण होने पर वर्तमान इकाइयों को भंग करने की घोषणा की। नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु दिनांक 05 जनवरी,1 2जनवरी तथा 19 जनवरी की तिथियों में तीन चरणों में निर्वाचन संपन्न कराने हेतु अधिसूचना जारी कर दी। उक्त निर्वाचन होने तक वर्तमान के इकाई अध्यक्ष को इकाई संयोजक नियुक्त किया गया। इकाइयों के निर्वाचन वर्ष 2024 की सदस्यता के आधार पर संपन्न कराए जा रहे है। प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री महेंद्र कुमार जैन (दमोह) ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना उपरांत समस्त जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए कि आप अपने जिला अंतर्गत नगर, तहसील और विकासखंड की इकाइयों के निर्वाचन हेतु निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन व पर्यवेक्षक अधिकारी नियुक्त करके तिथियों का निर्धारण करें। जिला दमोह अध्यक्ष श्री प्रमेंद्र जैन ने बताया कि जिला दमोह में 07 विकासखंड, 03 तहसील ओर 01 नगर इस प्रकार जिला दमोह अंतर्गत कुल 11 इकाइयों के गठन हेतु निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षको को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए है। साथ ही विभिन्न इकाइयों के निर्वाचन हेतु जिला कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 03 जनवरी को आयोजित कर तिथियों का निर्धारण किया गया। इस हेतु नियुक्त पर्यवेक्षक निर्धारित तिथि को चिन्हित इकाई के निर्वाचन हेतु सुबह 10ः00 बजे मतदान केंद्र पर उपस्थित हो जायेगे, निर्वाचन अधिकारी निर्वाचन की प्रक्रिया सुबह 10ः30 बजे प्रारंभ कर करेंगे। जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य कुल 11 सदस्यीय कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया संघ के संविधान के अनुसार सम्पन्न होगी। जिला कार्यकारिणी की उक्त बैठक संभागीय सचिव पारस जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें प्रांतीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार जैन, जिलाअध्यक्ष प्रमेंद्र जैन, जिला संगठन मंत्री एल. पी.चौरसिया, कोषाध्यक्ष कमलेश सेन, प्रदीप अग्रवाल, भागचंद जैन, मनीष भारद्वाज, नीतीश पाठक, सोनू मुंडा, महेंद्र खरे, श्रीमती दीपमाला जैन, आदित्य चौरसिया, लाल जी पटेल आदि की उपस्थिति रही। जिलाध्यक्ष ने उक्त निर्वाचन में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के सभी सदस्यों से निर्धारित इकाई मतदान केंद्र पर उपस्थित होने की अपील की है।
