
बालाघाट। बालाघाट पुलिस द्वारा गौ-वंश की तस्करी को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं तस्करों के खिलाफ अपराध भी पंजीबद्ध किया जा रहा है। इसी कड़ी में हट्टा थाना पुलिस ने एक पशु तस्कर के खिलाफ कार्रवाई कर 4 मवेशियों को मुक्त कराया है। पशु तस्कर के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 4 जनवरी को ग्राम नाहरवानी से नहर के रास्ते से चंगेरा महाराष्ट्र राज्य की तरफ गौ-वंश तस्करी की मुखबिर सूचना प्राप्त हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र पन्द्रो व थाना हट्टा पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर प्रभावी नाकाबंदी की। इस दौरान 4 गौ-वंश (बैल) की तस्करी करने वाले 1 तस्कर के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अविनाश पिता श्यामलाल चांदेवार उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम धड़ी थाना हट्टा के खिलाफ धारा 4, 6,9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004, 11 पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि एसपी नगेंद्र सिंह द्वारा गौ-वंश तस्करी के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। गौ-वंश तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है । निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालाघाट विजय डाबर, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लांजी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्ग दर्शन में थाना हट्टा पुलिस ने 4 मवेशियों को जब्त तस्कर के खिलाफ कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र पन्द्रो, कार्यकारी प्रधान आरक्षक व्दारिका नारायण दुबे, आरक्षक भूमेश्वर आर्मो, भूपेन्द्र जाट, भानूप्रताप का योगदान रहा।
